सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के प्रमुखों की नियुक्ति की प्रक्रिया को तेज करते हुए देर शाम केंद्र सरकार ने चयन प्रक्रिया में अहम बदलाव किया है। इसके तहत तीन स्क्रीनिंग कमेटियां 13-14 नवंबर को योग्य उम्मीदवारों का साक्षात्कार करेंगी।
वित्त सचिव जीएस संधू ने शुक्रवार को बताया कि रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन की अगुवाई वाला अप्वायंटमेंट बोर्ड 13-14 नवंबर को सरकारी बैंकों के 8 सीएमडी के पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों का साक्षात्कार करेगा।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होगा कि 14 नवंबर तक हमारा काम पूरा हो जाए और शार्टलिस्ट किए गए नाम आगे की प्रक्रिया के लिए वित्त मंत्री के पास भेज दिए जाएं। उम्मीद है कि इन आठ पदों के लिए नियुक्तियां नवंबर के अंत तक हो जाएंगी।