शुक्रवार की सुबह भारतीय शेयर बाजार के लिए उत्साहवर्धक रही और बाजार खुलते ही सेंसेक्स रिकार्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। बाजार खुलने के कुछ ही घंटों में बीएसई सूचकांक 315 अंक उछलकर 27,661.24 के रिकार्ड स्तर को पार कर गया। यही हाल निफ्टी का रहा जो बाजार खुलने के बाद 96 अंक चढ़कर 8,265.35 तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को निचले स्तर पर बनाए रखने के फैसले ले एशियाई बाजार में इस समय उत्साह का माहौल है और भारतीय सेंसेक्स इस खुशी के साथ साथ एफडीआई के नियमों में ढील देने के सरकार के फैसले से भी ज्यादा उत्साहित है।
बृहस्पतिवार को भी बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 248.16 अंक के उछाल के साथ 27,346.33 अंक के नए टॉप पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 78.75 अंक की बढ़त के साथ 8,169.20 अंक की ऊंचाई पर रहा। दिन भर के उत्साहवर्धक कारोबार के दौरान इसने 8,181.55 अंक के ऑल टाइम इंट्रा डे हाई स्तर को भी छुआ, जबकि 27,390.60 अंक के लाइफ टाइम हाई तक गया।
बैंकिंग और मेटल स्टॉक्स फायदे में
बाजार के उत्साही रुख को देखते हुए निवेशकों और ट्रेडरों को इस समय टॉप गेन करने वाले स्टॉक्टस पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। इस समय बेंकिंग के अलावा मेटल और मिडकेप कंपनियों के स्टॉक्स में तेजी देखने को मिल रही है।
जिन कंपनियों के शेयर फायदे में जा रहे हैं उनमें भारती एयरटेल, सिएट, अजंता फार्मा, थर्मेक्स लिमिटेड, टाटा मोटर्स, एचसीसी लिमिटेड, अडानी पावर, मनप्पुरम फाइनेंस, डीएलएफ, आईडीएफसी के नाम प्रमख हैं।
बृहस्पतिवार को घरेलू बाजार के इस नए रिकॉर्ड ने निवेशकों की पूंजी में 95.35 लाख रुपये की बढ़ोतरी की। पिछले तीन सत्रों में लगातार तेजी से सेंसेक्स ने करीब 600 अंक की बढ़त हासिल कर ली है। तेजी के कई रिकॉर्डों को तोड़ते हुए सेंसेक्स और निफ्टी ने 10 लाख करोड़ रुपये का अब तक का सबसे अधिक टर्नओवर दर्ज किया।
बृहस्पतिवार को सेंसेक्स में सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाले शेयरों में रिलायंस, हिंडाल्को, टीसीएस, गेल इंडिया, इनफोसिस, डा. रेड्डीज, एचडीएफसी, एलएंडटी, हिन्द. यूनिलीवर, मारुति, बजाज ऑटो और एक्सिस बैंक शामिल रहे।