निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी मोबाइल सेवा प्रदाता भारती एयरटेल का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 29.7 प्रतिशत घट गया। कंपनी को यह लगातार 11वीं तिमाही नुकसान उठाना पड़ा है। जुलाई-सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 29.7 प्रतिशत घटकर 721.2 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में उसने 1,027 करोड़ रुपये का खरा मुनाफा कमाया था।
आलोच्य अवधि में हालांकि कंपनी का समग्र आय 17.14 प्रतिशत बढ़कर 20,283 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो कि बीते वित्त वर्ष की समान अवधि में 17276.4 करोड़ रुपये रही थी। सितंबर 2012 तक कंपनी के कुल ग्राहकों की संख्या बढ़कर 26.26 करोड़ हो गई।
टाटा कम्यूनिकेशंस का कम हुआ घाटा
कम्यूनिकेशन्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी टाटा कम्यूनिकेशंस ने 30 सितंबर 2012 को समाप्त दूसरी तिमाही में 273.20 करोड़ रुपये का घाटा उठाया, जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में कंपनी को 165.2 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा था। कंपनी ने बीएसई को दी जानकारी में बताया कि शुद्ध लाभ में कमी आने के बावजूद समीक्षाधीन अवधि में उसका राजस्व 27 प्रतिशत वृद्धि के साथ 4,271 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 3,373.6 करोड़ रुपये रहा था।
समीक्षाधीन अवधि में कंपनी के कर्मचारियों की कुल संख्या 6,952 रही। तिमाही में कंपनी के मुख्य कारोबार में निओटेल में बिक्री की अहम हिस्सेदारी रही और इस अवधि में यह 5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 487 करोड़ रुपये रहा, जबकि बीते वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 465.7 करोड़ रुपये रहा था।
यूको बैंक का शुद्ध लाभ गिरा
नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के यूको बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में पिछले साल की इसी अवधि के 230 करोड़ 75 लाख रुपये की तुलना में घटकर 103 करोड़ 71 लाख रुपये रह गया। बैंक के तिमाही परिणामों में हालांकि इस दौरान कुल आय 3,730 करोड़ 79 लाख रुपये से बढ़कर 4,408 करोड 55 लाख रुपये पर पहुंच गई।
देना बैंक का शुद्ध लाभ 23.8 फीसदी बढ़ा
सार्वजनिक क्षेत्र के देना बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्तवर्ष की दूसरी तिमाही में 23.8 फीसदी बढ़कर 239.64 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले साल की इसी अवधि में बैंक का मुनाफा 193.58 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान बैंक की कुल आय 33.23 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 2,327.84 करोड़ रुपये हो गई।
पिछले साल की समान तिमाही में यह 1,747.19 करोड़ रुपये थी। समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय 15.37 फीसदी बढ़कर 594.07 करोड़ रुपये हो गई। पिछले वित्तवर्ष की समान तिमाही में यह आंकड़ा 514.89 करोड़ रुपये था।