एयर इंडिया ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए केबिन क्रू के 47 सदस्यों को बर्खास्त कर दिया जबकि अनुपस्थित रहने की वजह से 20 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। जिन कर्मचारियों को निकाला गया है, वह सभी मुंबई में कार्यरत थे। जिन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, वे तीन महीने से भी ज्यादा से बिना जानकारी दिए अनुपस्थित थे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, उनमें से 17 मुंबई से और बाकी दिल्ली से हैं। हालांकि जिन लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, वह 30 जून तक जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर के फिर से ज्वाइन कर सकते हैं। अधिकारी ने बताया कि इसके लिए उन्हें एयर इंडिया के डॉक्टर से खराब स्वास्थ्य का प्रमाण पत्र लेना होगा।