एयर कंडीशनर (एसी) की ठंडी हवा खाना इस गर्मियों में आपकी जेब पर थोड़ा और भारी पड़ेगा। पिछले सीजन के मुकाबले इस बार एसी की कीमत 10-15 फीसदी तक ज्यादा हो गई है। कंपनियों के अनुसार सीजन देर से शुरू होने और पिछले साल बिक्री फ्लैट रहने के बावजूद लागत को देखते हुए कीमतें पिछले साल से ज्यादा हो गई हैं।
हालांकि इसकी भरपाई के लिए कंपनियां ग्राहकों को इस बार कई सारे नए फीचर्स के साथ लुभाने की कोशिश में हैं। देश में एसी का करीब 30-35 लाख का बाजार है।
कंज्यूमर ड्यूरेबल कंपनी वीडियोकॉन के सीओओ सीएम सिंह ने अमर उजाला को बताया इस बार सीजन शुरू होने मे देरी है। हालांकि पिछले कुछ दिनों में गर्मी बढ़ी है, जिसका असर बेहतर बिक्री के रूप में दिखेगा। जहां तक कीमतों की बात है, तो पिछले साल की तुलना में इस साल कीमतें 10-15 फीसदी तक ज्यादा है।
इसकी वजह लागत में बढ़ोतरी होना है। कंपनी के एसी डिवीजन के सीओओ संजीव बख्सी के अनुसार कंपनी को चालू वित्त वर्ष में करीब 1,000 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। कंपनी ने इस सीजन में 32 नए मॉडल बाजार में उतारे हैं।