देश में नई सदी के युवाओं के बीच स्मार्टफोन की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है, आज करीब 70 फीसदी विद्यार्थी स्मार्टफोन का इस्तेमाल कर रहे हैं।
चौंकाने वाली बात यह भी है कि महानगरों के मुकाबले छोटे शहरों के युवा स्मार्टफोन अपनाने में आगे हैं। सॉफ्टवेयर कंपनी टीसीएस की ओर से कराए गए सर्वे में यह जानकारी सामने आई है।
टीसीएस द्वारा देश के 14 शहरों में 17,500 हाईस्कूल के छात्रों के बीच यह सर्वे कराया गया। सर्वे में शामिल 10 में से करीब 6 युवाओं के पास स्मार्टफोन है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि महानगरों में ऐसे युवाओं की तादाद जहां 58.50 फीसदी है, वहीं छोटे शहरों में यह आंकड़ा 59.36 फीसदी है।
सर्वे में नई सदी के युवाओं में सोशल नेटवर्किंग साइट्स से जुड़े रहने का अच्छा खास क्रेज देखने को मिला है। फेसबुक और ट्विटर जैसे सोशल नेटवर्किंग साइट्स एवं वाट्सअप जैसे इंस्टेंट मैसेजिंग मोड्स का इस्तेमाल युवा धड़ल्ले से कर रहे हैं। सर्वे में शामिल करीब 74 फीसदी युवा अपने सोशल संपर्क के लिए फेसबुक व ट्विटर का इस्तेमाल करते हैं।
दूसरी ओर, सर्वे के मुताबिक स्मार्टफोन अपनाने वाले चार में से तीन छात्र इंटरनेट का उपयोग अपने स्कूल से जुड़े कार्यों के लिए करते हैं। सर्वे के मुताबिक ब्रांड को लेकर भी युवा अधिक संवेदनशील हैं। सर्वे में शामिल 48.28 फीसदी युवाओं के पास जहां सैमसंग ब्रांड का स्मार्टफोन है, वहीं 46.46 फीसदी नोकिया और 39.56 फीसदी एप्पल ब्रांड के स्मार्टफोन का इस्तेमाल कर रहे हैं।