केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा है कि यूपी में जल्दी ही 2700 और बैंक शाखाएं खोले जाएंगे। पहले चरण में 300 शाखाएं शुक्रवार से शुरू हो गई हैं। यह जानकारी उन्होंने होटल ताज में शुक्रवार को नौ बैंकों की 300 शाखाओं के उद्घाटन के बाद दी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार एवं भारतीय रिजर्व बैंक की सहमति के बाद अब प्रदेश में तीन हजार नई बैंक शाखाओं की स्थापना के लिए समय सारणी निर्धारित कर दी गई है। बैंकों की तीन हजार शाखाएं खोलने का यह पहला चरण है। मार्च 2014 तक यह लक्ष्य पूरा हो जाएगा।
इसके साथ मार्च 2014 तक ही हर बैंक की ब्रांच का अपना एक एटीएम होगा। गांव-गांव एटीएम नजर आएंगे। यूपी में 8000 से ज्यादा एटीएम खोले जाएंगे।
वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि उन्होंने पहली बार एक साथ 300 बैंक की शाखाओं का उद्घाटन किया है। इससे पहले वह 100 शाखाओं का उद्घाटन कर चुके हैं। यह क्रिकेट की किसी ट्रिपल सेंचुरी से कम नहीं है।