सिंगल ब्रांड रिटेल में 100 फीसदी एफडीआई की छूट के तहत जल्द ही किसी कंपनी को निवेश की मंजूरी मिल सकती है। 19 अक्तूबर को होने वाली फॉरेन इन्वेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड (एफआईपीबी) की बैठक में 100 फीसदी एफडीआई के इच्छुक सिंगल ब्रांड रिटेलरों के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस बैठक में करीब दर्जन भर प्रस्तावों को हरी झंडी मिल सकती है।
वित्त मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक, फिलहाल एफडीआई से जुड़े 49 प्रस्ताव बोर्ड के पास विचाराधीन हैं। इनमें से 16 नए प्रस्ताव हैं। इंग्लैंड की जूता निर्माता कंपनी पेवर्स इंग्लैंड और स्वीडन की फर्नीचर निर्माता कंपनी आईकिया भारत में अपनी सहायक कंपनियों के जरिए 100 फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश करना चाहती हैं।
दोनों कंपनियां अगले 15-20 वर्ष के दौरान देश में करीब 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश करने की तैयारी कर रही हैं। अभी तक सिंगल ब्रांड में ज्यादातर बड़े रिटेलर फ्रैंचाइजी के जरिए भारत में मौजूद हैं, लेकिन अब इनकी तैयारी भारत में अपनी सहायक कंपनी स्थापित कर सीधे कारोबार करने की है।
भारत सरकार की ओर से सिंगल ब्रांड में 100 फीसदी एफडीआई की छूट दिए जाने के बाद आईकिया की दक्षिणी एशिया प्रमुख वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा से मिल चुकी हैं। आईकिया की तैयारी भारत में 25 स्टोर खोलने की है और कंपनी का प्रस्ताव एफआईपीबी के पास विचाराधीन हैं।