वो सुंदर दिखना चाहती थी, लेकिन सुंदर दिखने की चाहत में वो कुछ ऐसा कर बैठी कि अपना ही चेहरा आइने में देखने से डरने लगी। बात हो रही है उस कोरियाई मॉडल की जिसने सुंदर चेहरे की चाहत में कुकिंग ऑयल को इंजेक्शन के जरिए चेहरे में भर लिया।
डेली मेल के अनुसार हैंग मियोकू नाम की मॉडल कई प्लास्टिक सर्जरी कराने के बाद भी जब मनपसंद चेहरा नहीं पा पाई तो उसने खाद्य तेल को इंजेक्शन की बदौलत चेहरे में भर लिया।
एक दिन जब मियोकु सर्जरी कराने डॉक्टर के पास पहुंची तो डॉक्टर ने यह कहते हुए साफ तौर पर मना कर दिया कि और सर्जरी खतरनाक हो सकती है।
घर लौटकर मियोकू ने खुद ही सिलिकॉन का इंजेक्शन लेना शुरू कर दिया। ब्लैक मार्केट से खरीदी गई सिलिकॉन की एक बोतल खत्म हुई तो उसने खाने के तेल का प्रयोग शुरू कर दिया।
लेकिन सिलिकॉन और खाद्य तेल चेहरे में जाते ही मियोकु का चेहरा सुंदर होने की बजाय भयानक होने लगा। धीरे-धीरे उसके चेहरे में सूजन आने लगी और उसका चेहरा काफी बड़ा और बदसूरत हो गया।
अब तक चेहरे की इस बदसूरती को दूर करने के लिए मियोकु 10 ऑपरेशन करा चुकी हैं। ऑपरेशन के जरिए डॉक्टर 60 ग्राम सिलिकॉन, तेल और दूसरे कई पदार्थ निकाल चुके हैं। उसकी गर्दन से भी करीब 200 ग्राम विषैला पदार्थ निकाला जा चुका है।
लेकिन इसके बावजूद मियोकु को अपने चेहरे की खूबसूरती वापस नहीं मिल पाई है। उसके भयानक और बैडोल चेहरे से लोग डरने लगे हैं। यहां तक कि जब वो अपने माता-पिता से मिलने पहुंची तो उन्होंने भी उसे पहचानने से मना कर दिया।
मियोकु की मजबूरी देखिए, अपने समय की खूबसूरत मॉडल रह चुकी मियोकु आज एक कपड़े की दुकान में काम कर रही है।