आप भले ही इसे मजाक समझिए लेकिन अब शादी के लिए दूल्हे की जरूरत नही है। शादी के मंडप में दूल्हा न भी पहुंचे तो भी शादी हो जाएगी और ये मामला किसी यूरोपीय देश का नहीं बल्कि भारत का है।
यहां दूल्हा मंडप में नहीं पहुंचा फिर भी शादी हो गई। दूल्हा मंडप में नहीं था तो दुल्हन ने उसके कपड़े के साथ ही सात फेरे ले लिए।
पूरे जिला के मजरे गंगोली गांव में हुई इस अजीबो-गरीब शादी के चर्चे दूर-दूर तक हैं। दरअसल हुआ कुछ यूं कि शादी के कुछ दिन पहले ही वर के बहनोई की हत्या हो गई। जिसके आरोप में उसे जेल हो गई। वहीं दूसरी ओर शादी की सारी तैयारियां हो चुकी थीं और मेहमान भी आ चुके थे।
ऐसे में घरवालों ने सोचा कि शादी टालने से बेहतर है कि प्रतीकात्मक शादी करा दी जाए। लड़के पक्ष के लोग वर के कपड़े लेकर मंडप में पहुंचे जहां लड़की ने उसी के साथ सात फेरे लिए। पंडित ने पूरे रस्मों-रिवाज से शादी संपन्न कराई।
घरवालों का कहना है कि लड़के के रिहा होने के बाद मंदिर में दोबारा से उनका विवाह संपन्न कराया जाएगा।