अगर फ्लोरेंस में पाया गया कंकाल मोनालिसा की मॉडल का हुआ तो दुनिया की सबसे अनसुलझी मुस्कान का राज बस खुलने को ही है। पुरातत्वविदों को यकीन है कि वे मोनालिसा की मुस्कान के पीछे रहस्य को सुलझाने के करीब हैं। लियोनार्दो दा विन्सी के मास्टर पीस मोनालिसा की मुस्कान का राज आज तक कोई नहीं जान पाया है। वैज्ञानिक हर संभव कोशिश कर चुके हैं लेकिन विंची की मोनालिसा के मुस्कुराने का कारण अभी तक जान नहीं पाए हैं। लेकिन अब राज खुलने ही वाला है।
दरअसल, कुछ महीने पहले उन्हें एक कंकाल मिला है, जो लियोनार्दो दा विन्सी के मास्टर पीस के लिए पोज देने वाली मॉडल लीजा घेरार्दिनी का हो सकता है। उन्होंने अपनी इस विश्व प्रसिद्ध पेंटिंग का शीर्षक द मोनालिसा रखा था।
अमीर सिल्क व्यापारी फ्रांसिस्को देल जियोकोन्दो की दूसरी पत्नी घेरार्दिनी को सेंट उरसुला कांवेंट में दफनाया गया था और इटली के पुरातत्वविदों की एक टीम को यकीन है कि उनके पास मोनालिसा के अवशेष हैं। डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व टीवी प्रोड्यूसर सिलवानो विनसेटी के नेतृत्व वाली टीम घेरार्दिनी के अवशेषों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने इस जगह पाई गई हड्डियों को इटली और बाहर के विश्वविद्यालयों में भेजा है, जहां घेरार्दिनी के दो रिश्तेदारों के डीएनए के साथ जांच की जाएगी। अगर डीएनए मैच हो गया तो वैज्ञानिक खोज ही लेंगे कि आखिर मोनालिसा क्यों मुसकुरा रही थी।