भागदौड़ भरी जिंदगी, ढेरों काम और कम पड़ता समय। ऐसे में हम और आप लंबी उम्र चाहते हैं ताकि खुशहाल जिंदगी का देर तक आनन्द ले सकें। लेकिन लंबी उम्र हमारे और आपके हाथ के बस में नहीं। लेकिन कुछ उपाय हैं जिन्हें अपनाकर लंबी जिंदगी का लुत्फ उठाया जा सकता है।
यदि आप लंबी उम्र चाहते हैं तो बेहतर है कि आप एक कुत्ते का बच्चा पालें, शादीशुदा खुशहाल जिंदगी जिएं और अच्छे दोस्त बनाएं।
ग्रांट अध्ययन में पाया गया है कि ये सारी चीजें इससे कहीं ज्यादा अहम है कि आप एक संपन्न परिवार में पैदा हुए या तमाम तंगियों से जूझ रहे परिवार में या फिर आप समाज के किस तबके से ताल्लुक रखते हैं।
‘डेली मेल’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह ग्रांट अध्ययन 68 साल पुराना है जिसमें 200 से ज्यादा युवा, सेहतमंद अमेरिकी पुरुषों को शामिल किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक इस अध्ययन में युवावस्था से लेकर वृद्धावस्था तक की इनकी उम्र का विश्लेषण किया गया। अध्ययन के मौजूदा निदेशक जॉर्ज वयलेंट ने बताया कि रिश्तों में वादे पूरा करना खुशहाल जिंदगी और लंबी उम्र का राज है।