चोर आमतौर पर महंगी चीजों पर हाथ साफ करते हैं। लेकिन उस चोर को क्या कहेंगे जो बच्चे के पिग्गी बैंक पर भी डाका डालते हुए न शरमाए। ऐसे ही एक बेशर्म चोर ने ऐसी चोरी कर डाली कि बच्चे तक थू थू कर उठे।
हफपोस्ट के अनुसार पिट्सबर्ग में 21 साल के जेसन ने पैसों के लिए दो साल के बच्चे के पिग्गी बैंक पर डाका डाल दिया। आरोप है कि पहले सुपरमार्केट में काम करने वाले जेसन ने दो साल के बच्चे के पिग्गी बैंक पर हाथ साफ करके उसमें से 400 डॉलर चुरा लिए।
जेसन को पिछले साल अगस्त में एक महिला के घर से 60 डॉलर, एक मोबाइल और कुछ कंडोम चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
मुकदमा चल रहा था कि तभी उक्त महिला ने आरोप लगाया कि जेसन ने उसके दो साल के बेटे के पिग्गी बैंक पर भी हाथ साफ किया।
महिला ने बताया कि उसे शक तब हुआ उसकी नजर क्रेक हो चुके बेटे के पिग्गी बैंक पर पड़ी। महिला ने बताया कि बेटे के बैंक में चार सौ डॉलर थे।
जैसन पहले भी चोरियां कर चुका है और पुलिस स्टेशन के रिकार्ड में बाकायदा उसकी फोटो भी लगी है। इसी आधार पर एक व्यक्ति ने सुपरमार्केट में काम करने के दौरान उसकी पहचान कर ली थी।