क्लास टेस्ट से बचने के लिए बच्चे तरह तरह के बहाने बनाते हैं। लेकिन हद तो तब हो गई जब दो छात्रों को गणित के टेस्ट से बचने के लिए अपनी टीचर को चाय में जहर पिला दिया।
एबीसी न्यूज के मुताबिक मामला अमेरिकी प्रांत वर्जीनिया का है। यहां मैथ रिव्यू से बचने के लिए 13 साल के दो छात्रों ने अपनी शिक्षिका की चाय में हैंड सेनिटाइजर (हाथ धोने का लिक्विड साबुन) मिला दिया। छात्रों का सोचना था कि इससे टीचर बीमार रहेंगी और उनका टेस्ट नहीं ले पाएंगी।
66 वर्षीया टीचर जेन मिलर की चाय में इन छात्रों ने दो बार हैंड सेनिटाइजर मिलाया। चाय पीने के बाद टीचर की तबियत खराब हो गई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टर ने देखा कि मिलर के पेट में हैंड सेनिटाइजर है। इस बाबत पुलिस को सूचना दी गई और जांच अधिकारियों की एक टीम स्कूल में तफ्तीश करने पहुंची।
जांच के दौरान दोनों आरोपी छात्रों की हरकत का पता चल गया और कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी छात्रों ने स्कूल प्रबंधन के आगे अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
मिलर ने कहा उन्हें एक क्लास का मैथ रिव्यू लेना था। वो जानती थी कि कुछ बच्चे इसके लिए तैयार नहीं थे लेकिन वो रिव्यू से बचने के लिए ऐसी हरकत कर सकते हैं, ये वो नहीं जानती थी।
आरोपी छात्रों को हिन्स मिल्स स्कूल से निलंबित कर दिया है और उनकी पढ़ाई अलग से एक कम्यूनिटी स्कूल से कराई जा रही है। पुलिस ने मामले में छात्रों के खिलाफ जहर देने और षडयंत्र रचने के आरोप तय किए हैं। इन आरोपों के साबित होने पर पांच साल की कैद और एक लाख डॉलर का हर्जाने का कानून है।