क्या आप भी अलार्म बजने के बावजूद बिस्तर नहीं छोड़ते, तो ये खबर आपको तसल्ली के साथ साथ जोर का झटका देगी। अलार्म लगाने के बावजूद टाइम पर आंख न खुलने से परेशान होकर उत्तर प्रदेश के एक छात्र ने ऐसी अलार्म घड़ी बनाई है जो अलार्म बजाने के साथ साथ आपको जोर का झटका (धीरे से) देगी। ये घड़ी अलार्म बजने के साथ ही स्नूज (अलार्म शांत करने का बटन) दबाते ही करंट मारेगी।
उत्तर प्रदेश की शारदा यूनिवर्सिटी में ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा 16 साल का संकल्प सिन्हा अलार्म लगने के बावजूद देर से उठने की आदत से परेशान था। इसलिए उसने ऐसी घड़ी बनाने की सोच ली जो उसे झटका देकर बिस्तर छोड़ने के लिए मजबूर कर दे। इसी क्रम में उसने छोटी सी इलेक्ट्रिक शॉक अलार्म घड़ी बनाई है।
डेली मेल के अनुसार घड़ी की खासियत ये है कि जब व्यक्ति इसका स्नूज बटन दबाएगा तो उसे एक वोल्ट का झटका लगेगा। हालांकि यह झटका मामूली और हार्मलैस होगा लेकिन ये झटका उसे बिस्तर छोड़ने के लिए मजबूर कर देगा। दरअसल घड़ी के स्नूज बटन के ऊपर अल्यूमिनिम की परत चढ़ाई गई है और इस परत में बिजली प्रवाहित होती है। हालांकि इलेक्ट्रिक शॉक का झटका एक वोल्ट का रखा गया है लेकिन उपभोक्ता उसे अपने हिसाब से सेट करके वोल्ट घटा और बढ़ा भी सकता है। सेट होने के बावजूद वोल्ट इतना ज्यादा नहीं होगा कि किसी व्यक्ति को शारीरिक नुकसान पहुंच सके।
यही नहीं इलेक्ट्रिक शॉक आप्शनल होगा। अगर आप चाहते हैं तो झटके को डिसेबल भी कर सकते हैं। घड़ी में एक म्यूजिक प्लेयर भी है जिसका उपयोग करके आप सुबह अलार्म के तौर पर गाना सुन सकते हैं।
इस घड़ी का नाम 'सिंग एंड शॉक' रखा गया है। संकल्प इसके प्रोडक्शन के लिए कई कंपनियों से बातचीत कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही घड़ी का प्रोडक्शन शुरू हो जाएगा और साल के अंत तक बाजार में उतरेगी। इसकी कीमत 60 डॉलर होने की संभावना है।