जिस तरह एक हाथ से ताली नहीं बजती उसी तरह एक आदमी दो लोगों वाला खेल नहीं खेल सकता। ऐसे में आपको अक्सर ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ता होगा जब आप टेबल टेनिस खेलना चाहते होंगे, पर कोई साथी नहीं मिलने पर निराश होना पड़ता होगा। खैर, कोई बात नहीं। अब ऐसा नहीं होगा, क्योंकि शोधकर्ताओं ने एक ऐसे रोबोट का विकास किया है जो इंसानों के साथ टेबल टेनिस खेल सकता है। जर्मनी स्थित टेक्निकल यूनिवर्सिटी ऑफ दैर्मस्टैड्ट के कैथरीना मुलिंग और उनके सहयोगियों ने इस रोबोट का विकास किया है।
यह इंसानों से ही टेबल टेनिस का गुर सीखकर उनके साथ मुकाबला कर सकता है। यह धीरे-धीरे अपना प्रदर्शन भी बेहतर कर सकता है। मुलिंग ने परीक्षण के तहत रोबोट के हाथ को नियंत्रित किया और उसे बॉल को वापस मारने के गुर सिखाए। इसके बाद उसके हाथ को इंसान के साथ बिना किसी नियंत्रण के टेबल टेनिस खेलने के लिए छोड़ दिया गया। न्यू साइंटिस्ट की खबर के अनुसार, रोबोट के खेल में बहुत सुधार देखा गया। रोबोट ने बिना किसी सहायता के एक घंटे तक अभ्यास किया, जिसमें उसने सफलतापूवर्क लगभग 88 प्रतिशत शॉट रिटर्न किए।