रामलीला के दर्शकों के लिए यह अजूबा पहले कभी नहीं हुआ। राम और सीता के रूप में एक आदर्श जोड़े की शादी देखने के लिए हजारों दर्शक हर बार उमड़ते हैं, हर बार उन्हें दुल्हे के रूप में राम का रूप मोहक लगता है लेकिन शनिवार का ‘प्रसंग’ प्रतापगढ़ की रामलीला में सबसे खास होगा। रामलीला के दो सबसे अहम किरदार राम और सीता की मंच पर असली शादी होगी। परिवार और रिश्तेदारों की रजामंदी से यह शादी हजारों दर्शकों के सामने होगी और दुल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने के लिए पूरा शहर उमड़ेगा।
दोनों कलाकारों की असली शादी को लेकर दोनों घरों में कौतुहल है। शुक्रवार को दोनों के घर हल्दी, तेल की रस्में होती रहीं। राम (हरेंद्र) और सीता (सपना) के घर में विवाह की पूरी रस्में निभाई जा रही हैं। मंगलगीतों की धुनें गांव से शहर तक गूंज रही हैं। घरों में रिश्तेदारों का जमावड़ा होने लगा है। दोनों ही पक्षों ने अपनी-अपनी तरह से तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रीरामलीला समिति की तरफ से राम-सीता की वास्तविक शादी की सूचना ने सबको अचरज में डाल दिया है। मंच पर असली शादी देखने के लिए भीड़ जुटना तय है।
शुक्रवार को चिलबिला स्थित राम (हरेंद्र) के घर दिन भर मंगलगीत गूंजते रहे और रस्में निभाई गईं। शादी की अचानक खबर पर पहुंचे रिश्तेदारों में विशेष कौतुहल दिखाई पड़ा। तीन भाइयों में सबसे छोटे हरेंद्र की इस शादी से उनका परिवार भी गदगद है। सबसे बड़े भाई शैलेंद्र सिंह व मझले भाई प्रदीप सिंह छोटे भाई की इस ऐतिहासिक शादी को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि समय कम मिलने से शादी की तैयारी में जरूर थोड़़ी मेहनत करनी पड़ रही है लेकिन शादी का गवाह तो पूरा शहर बनेगा। यह बहुत खुशी की बात है।
गोड़े गांव निवासी सीता (सपना सिंह) के घर जल्दबाजी के चलते ज्यादा रिश्तेदारों को नहीं सूचना दी जा सकी लेकिन उनका भाई विपिन आज सुबह मुंबई से घर पहुंच गया। अन्य रिश्तेदारों के साथ वह भी इस शादी को लेकर काफी आश्चर्य में दिखा। सपना की मां सुमित्रा देवी ने बताया कि वह आर्थिक रूप से थोड़ी कमजोर हैं। इसलिए शादी को टालना चाहती थीं मगर रामलीला समिति के आश्वासन पर उन्होंने विवाह के लिए हामी भर दी है। सुबह से ही वह बेटी के कपड़ों के साथ अन्य सामानों की खरीदारी करने के लिए लिस्ट तैयार करने में जुटी थीं। गांव के लोग भी इस शादी को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
सीता के लिए खास है शादी
यह शादी सीता (सपना सिंह) के लिए खास हो गई है। प्रतापगढ़ में रामलीला के दौरान पांव पूजन की रस्म में हजारों लोगों के शामिल होने की कल्पना से ही वह प्रफुल्लित नजर आ रही हैं। उनकी पसंद के वर से हो रही है इसलिए उनकी खुशी दोगुनी हो गई है।
राम भी हैं उत्साहित
श्रीरामलीला समिति की ओर से कराई जा रही ऐतिहासिक शादी को लेकर राम (हरेंद्र सिंह) भी खासे उत्साहित हैं। उनके भाइयों के साथ ही मां निर्मला देवी भी शादी को लेकर व्यस्त हैं। रिश्तेदारों को शादी के बारे में बताते हुए वह बार-बार बलाएं लेती हैं। हरेंद्र को तो मानों मुंहमांगी मुराद ही मिल गई है। उनकी पसंद की लड़की के साथ शादी होने से वह बेहद खुश हैं।
चार साल से है जान पहचान
राम-सीता की पहचान चार साल पुरानी है। उनके घरवालों ने दोनों की शादी पहले से ही तय कर रखी है। दोनों एक दूसरे को पूरी तरह से जान और समझ चुके हैं। रिश्तेदार बनने जा रहे दोनों परिवारों के लोग इसे राम की ही लीला मान रहे हैं। वह एक दूसरे से फोन के माध्यम से संपर्क में भी रहते हैं। चार साल पुरानी इस जान पहचान को सुखद मुकाम मिलने जा रहा है।
सेलिब्रिटी बन गए राम और सीता
रामलीला के राम-सीता, हरेंद्र और सपना अचानक सेलेब्रिटी बन गए हैं। युवा वर्ग में उनका खासा क्रेज हो गया है। हर कोई उनके बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी चाहता है। लोग यह भी नहीं विश्वास कर पा रहे हैं कि रामलीला के दौरान ही उनकी शादी की रस्में वास्तविक रूप में पूरी की जाएंगी।