कहते हैं कि आदमी को कान का पक्का (सही सुनने वाला) होना चाहिए। लेकिन एक महाशय कान के इतने पक्के हैं कि अपने कान से हैलीकॉप्टर और टनों वजनी ट्रक को खींच लेते हैं। जार्जिया के 32 साल के लाशा पटाराया ने हाल ही में अपने कान से आठ टन भारी ट्रक को 21.5 मीटर तक खींचकर लोगों को दांतों तले अंगुली दबाने पर मजबूर कर दिया है। इससे पहले भी लाशा 2007 में हेलीकॉप्टर को कान की बदौलत खींचकर रिकार्ड बना चुके हैं।
मेट्रो डॉट को डॉट यूके में छपी खबर के मुताबिक लाशा पहले मुक्केबाज थे, उनका शरीर काफी गठा हुआ है लेकिन शरीर से ज्यादा मजबूत उनके कान हैं जिनकी बदौलत लाशा भारी से भारी सामान को खींच लेते हैं।
जार्जिया के रुस्तवी प्रांत में हजारों की भीड़ के बीच लाशा ने अपने कान की बदौलत आठ टन का ट्रक खींचा। इससे पहले लाशा ने वार्म अप होने के लिए अपने कान पर थप्पड़ मारे और कान खींचे। इसके बाद उन्होंने ट्रक से बंधी रस्सी को हुक की तरह कान में लगाया और खींचना शुरू कर दिया।
लाशा ने ट्रक को कान से 21.5 मीटर तक खींचा। इस दौरान भीड़ ने तालियां और शोर मचाकर लाशा का मनोबल बढ़ाया। रस्सी छोड़ने के बाद हालांकि लाशा अपने कान को हाथ लगाकर कुछ कराहते से नजर आए लेकिन उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है। लाशा ने कहा कि वो पहले भी वजनी सामान खींच चुके हैं।
लाशा ने ये कारनामा गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड बनाने के लिए किया है। लाशा के इस कारनामे को जार्जियन टीवी द्वारा रिकार्ड किया जा रहा था। रिकार्ड करने के बाद ये फुटेज और फोटोग्राफ गिनीज बुक के साथ साथ विश्व भर में प्रसारित कर दिए गए हैं। खास बात ये है कि लाशा यहां अपना ही (पौने आठ टन) वजन को खींचने का रिकार्ड तोड़ने जा रहे हैं।