प्यार अंधा होता है और कभी भी किसी से भी हो सकता है। लेकिन जब प्यार किसी ऐसे से हो जाए जिसके साथ जीवन न गुजारा जा सके तो आदमी पगला जाता है। ऐसा ही पागलपन चचेरी बहन के प्यार में पड़े एक युवक ने दिखाया। युवक चचेरी बहन से इश्क तो कर बैठा लेकिन शादी न होने के अफसोस के चलते उसने बहन को मारकर खुदकुशी कर ली। मरने से पहले के सुसाइड नोट में युवक ने भगवान से कहा कि अगले जन्म में हमे भाई बहन न बनाना।
लखीमपुर खीरी में गोला गोकर्णनाथ के मोहल्ला ऊंची भूड़ में एक युवक ने अपनी चचेरी बहन को गंड़ासे से काटकर मौत के घाट उतार दिया। बाद में खुद ने भी शहर से दूर खेतों में जाकर पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। रक्त संबंधों के चलते शादी संभव नहीं देख युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया। इसका खुलासा उसकी जेब से निकले सुसाइड नोट से हुआ है।
घटना रविवार रात की है। यहां बजाज चीनी मिल में काम करने वाले 30 वर्षीय सुरेंद्र ने अपनी चचेरी बहन 22 वर्षीय नीलू के कमरे में जाकर गंड़ासे से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह गंड़ासा मौके पर ही छोड़कर मोटर साइकिल से घर से चला गया। जलालपुर गांव के पास पहुंचकर उसने खेत में खड़े एक बरगद पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को इसकी जानकारी रात में ही हो गई लेकिन उन्होंने पुलिस को सूचना सुबह दी। लड़की के पिता फूलचंद्र और मृतक के भाई राजकुमार की सूचना पर पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे। पुलिस अधीक्षक दलवीर सिंह यादव ने भी घटनास्थलों का मुआयना किया और परिवार वालों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
पुलिस ने बताया कि सुरेंद्र की जेब में कई पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है कि यह कदम उसने पूरे होशोहवास में उठाया है। किसी को जिम्मेदार बनाते हुए फिर उसका नाम काट दिया गया है। सुसाइड नोट में अपने मम्मी-पापा को प्रणाम और चाची को चरण स्पर्श लिखते हुए कहा कि हम दोनों कई जन्मों से प्यार करते आ रहे हैं, करते रहेंगे। भगवान से बस इतना कहना है कि हम दोनों को अगले जन्म भाई बहन न बनाकर मिला दे। लखीमपुर खीरी के एसपी दलवीर सिंह यादव ने बताया कि परिवार वाले पूरी रात घटना को दबाए रहे। मामला प्रेम प्रसंग का निकलकर आया है। दोनों की आपस में शादी हो नहीं सकती थी।