बच्चों को रोता देखकर मन पसीजने वाली बात आपने कई बार सुनी होगी लेकिन इस वाकये को सुनकर आप मुस्कुराए बिन नहीं रह पाएंगे।
ऑल वॉयसेज के अनुसार, पिछले महीने जकार्ता के तंगारंग इलाके में पांच लोग चाकू, छुरी और कई हथियार लेकर दाखिल हुए। घर के अंदर घुसने तक उनका एकमात्र मकसद चोरी और लूट करना था लेकिन उस दौरान कुछ ऐसा हुआ कि आप शायद ही उस पर यकीन कर पाएं।
ये पांचों चोर घर के अंदर घुसने में कामयाब हो गए और इन्होंने अंदर जाकर लेवा और उसकी बुजुर्ग मां को बंधक बना लिया। उनमें से एक चोर का नाम कोजेक मिस्ता था। कोजेक और उसके साथी सुबह के समय घर में दाखिल हुए थे। हालांकि गार्ड ने उन्हें रोकने की बहुत कोशिश की थी लेकिन इन चोरों ने उसे बांध दिया और उसके मुंह पर टेप लगा दिया।
ये चोर घर में तो दाखिल हो ही चुके थे और लेवा को काबू में भी कर लिया था लेकिन माथे पर तनी बंदूक देखकर लेवा बुरी तरह चीख पड़ी। लेवा के चीखने की आवाज से पास ही में सो रहा उनका नवजात बच्चा उठ गया और रोने लगा।
बच्चे को रोता देख कोजेक ने लेवा से पूछा कि वो बच्चे को चुप कैसे कराती है। उसने बताया कि वो उसे दूध पिलाती है। उसके बाद कोजेक बोतल में दूध भरकर लाया और बच्चे को पिलाने लगा। कुछ देर बाद बच्चा सो गया।
हालांकि बाद में कोजेक पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को ये पूरा वाकया सुनाया। उसका कहना था कि उसका भी छोटा बच्चा है और इसीलिए वो जानता है कि बच्चों को कैसे शांत किया जाता है।