प्रेमी की खातिर एक किन्नर रवीना 14 लाख रुपये खर्च कर लड़की बन गई और शादी करके प्रेमी संग रहने लगी। बाद में प्रेमी उसे छोड़कर भाग निकला। पति के घर बड़ौत में पहुंचकर रवीना अपना सिर पटकने लगी, जिसे परिजनों ने मारपीट कर भगा दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। रवीना ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस को दी जानकारी के अनुसार रवीना संगम विहार लोनी की रहने वाली है। वह पहले किन्नर थी। बड़ौत का साजिद भी चार साल पहले से संगम विहार कालोनी लोनी में ही रहता था। साजिद का किन्नर रवीना से प्यार हो गया।
साजिद ने किन्नर रवीना से कहा कि यदि तुम सर्जरी कराकर लड़की बन जाओ तो मैं तुमसे शादी कर लूंगा।
इस पर रवीना ने अपने पूरे शरीर की 14 लाख रुपये लगाकर सर्जरी कराई और वह लड़की बन गई। सर्जरी के बाद साजिद ने उससे शादी कर ली। रवीना के अनुसार वे पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे, लेकिन छह माह पहले साजिद उसे सोते हुए छोड़कर भाग आया। वह तभी से उसकी तलाश में जगह-जगह भटक रही थी।
सोमवार को वह उसे तलाश करते हुए बड़ौत के पठानकोट मौहल्ले में अपने भाई प्रवीण के साथ पहुंची। जहां परिवार वालों ने उसे साजिद से नहीं मिलने दिया, जिसपर वह उनके दरवाजे पर ही सिर पटकने लगी और चेतावनी दी कि यदि साजिद को नहीं भेजा तो वह यहीं पर सिर पटक-पटक कर जान दे देगी। मौहल्ले में काफी भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलावस्था में रवीना और उसके कथित पति साजिद को कोतवाली में ले आई। रवीना कोतवाली में भी चिल्ला-चिल्ला कर कह रही थी कि साजिद मेरा पति है वह उसे लेकर ही जाएगी। फिलहाल पुलिस ने रवीना की तहरीर पर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है और साजिद को हिरासत में ले लिया है।
उधर, पुलिस हिरासत में साजिद का कहना था उसका रवीना से प्रेम प्रसंग था और उसके लिए ही वह सर्जरी कराकर लड़की बनी। उसने उसके साथ शारीरिक संबंध भी रखे है, लेकिन शादी की बात वह गलत कह रही है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार शर्मा का कहना है फिलहाल मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यदि जांच में और भी कोई ठोस प्रमाण मिलते हैं तो उसपर भी कार्रवाई की जाएगी।