रहिमन ताला प्रेम का मत दीजो खुलवाय...खुल जाए तो न लगे, चाबी भले मिल जाए...ऐसा ही कुछ प्रेम की नगरिया रोम में हो रहा है। इटली की सरकार रोम की टाइबर नदी पर बने पुल पर लगे प्रेम के ताले खोल रही है तो प्रेमी गुस्से में आ गए हैं। दरअसल ये ताले प्रेम के विरोधियो ने नहीं बल्कि लाखों प्रेमी जोड़ों ने लगाए हैं। सरकार पुल को बचाने के लिए इन तालों को खोल रही है जो प्रेमियों को रास नहीं आ रहा।
रोम की टाइबर नदी पर बना एक पुराना पुल 'पोंटे मिल्वियों ब्रिज' प्यार का केंद्र है। दरअसल रोम में प्रेमी जोड़े अपना प्यार जताने के लिए इस पुल के तारों में एक ताला लगाते रहे हैं। इस परंपरा की शुरूआत फेड्रिको मोकियों के उपन्यास से हुई जिसमें प्रेमी युगल इस पुल पर ताला लगा देते थे। यह उपन्यास बेहद प्रसिद्ध हुआ और प्रेमी जोड़ों ने भी ऐसा करना शुरू कर दिया।
इसके तहत प्रेमी युगल मिलकर पुल पर ताला लगाते हैं और इसकी चाबी तेज बहाव के साथ बहती नदी में फेंक देते हैं, जिसका मतलब होता है कि प्रेमी जोड़ा सदा के लिए एक दूसरे का हो गया और अब कभी जुदा नहीं होगा।
लेकिन प्रेम की ये निशानियां अब पुल के लिए खतरा बन चुकी हैं। लाखों ताले लगने से लोहे के बने इस पुल जंग लगना शुरू हो गयी और सरकार को डर है कि कहीं पुल गिर न जाए। इसलिए सरकार को कठोर कदम उठाते हुए ये ताले काटने पड़ रहे हैं।
इसके पहले भी सरकार ने इस पुल पर ताला लगाने वाले पर 50 यूरो का जुर्माना लगाने का आदेश दिया था लेकिन विरोध के चलते ये फैसला ज्यादा दिन तक नहीं टिक पाया था। अब देखना ये है कि प्रेम की निशानी इन तालों के खोलने पर प्रेमियों के रिश्ते पर क्या असर पड़ता है।