इंगलैंड की राजगद्दी का तीसरा हकदार कैसा होगा। लड़का होगा या लड़की। उसके बाल कैसे होंगे, काले, लाल या भूरे। ट्विंस होंगे या नहीं। ये सारी जिज्ञासाएं ब्रिटिश जनता के साथ साथ बाकी लोगों के मन में भी उठ रही हैं। पिछले दिनों कुछ लोगों भविष्यवाणी की थी कि केट को जुड़वां बच्चे होंगे।
इस बार की भविष्यवाणी बच्चे के बालों को लेकर हुई है। जी हां, वैज्ञानिकों की मानें तो इस बात की 50 फीसदी से ज्यादा संभावना है कि ब्रिटिश शाही राजघराने का नया मेहमान बिलकुल अपने अंकल प्रिंस हैरी की तरह लाल बालों वाला होगा।
डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, शाही बच्चे को भले ही विरासत में अपने पिता प्रिंस विलियम का फीचर या मां केट मिडिलटन का ऊंचा माथा और दिल के आकार वाला चेहरा मिले, लेकिन इस बात की 52 फीसदी संभावना है कि ब्रिटिश राजगद्दी का तीसरा हकदार अपने अंकल प्रिंस हैरी की तरह चमकीले बालों वाला और अच्छा दिखने वाला होगा। वैज्ञानिकों ने ब्रिटेन में पांच हजार से ज्यादा बच्चों का डीएनए परीक्षण किया और पाया कि उनमें से 38.3 फीसदी को विरासत में लाल बाल मिले हैं।
शाही दंपती के होने वाले बच्चे के नाम पर भी ब्रिटेन में सट्टा लग रहा है। यह खुशखबरी आते ही उसके नाम के बारे में शर्ते लगनी शुरू हो गई हैं। सट्टेबाजों के अनुसार नए शाही मेहमान के कई नाम सुझाए जा रहे हैं जिनमें एलिजाबेथ, विक्टोरिया व चार्ल्स सबसे ज्यादा पसंदीदा हैं।
यही नहीं पारंपरिक नाम जैसे एनी, फिलिप व एडवर्ड भी लिए जा रहे हैं। गेमिंग कंपनी लैडब्रोक्स की जैसिका ब्रिज के अनुसार, ऎसा लगता है कि शाही दंपती अपने बच्चे का कोई पारंपरिक नाम ही रखेंगे। उनके अनुसार जिन नामों पर दांव लगाया गया है उनमें से भी कोई एक चुनना काफी मुश्किल है।