यह महज संयोग है अथवा करिश्मा, लेकिन नितिका सिंघल की 12वीं कक्षा की मार्कशीट यह सोचने को मजबूर करती है। बोर्ड परीक्षा में नितिका को सभी पांच विषयों में 95-95 नंबर मिले हैं।
उसका पास प्रतिशत भी 95 है और जन्मवर्ष भी 1995 ही है।
बोर्ड परीक्षा में अच्छे नंबर लाना हर छात्र-छात्रा का सपना होता है, लेकिन सभी विषयों में एक समान नंबर लाना बेहद मुश्किल होता है।
इस नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया शक्ति नगर स्थित लीलावती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा नितिका ने।
उत्तरी दिल्ली स्थित गुलाबी बाग निवासी नितिका ने सीबीएसई की 12वीं कक्षा की कॉमर्स स्ट्रीम में सभी पांचों विषय में एक समान 95 अंक हासिल किए।
1995 जन्मवर्ष वाली नितिका ने बोर्ड परीक्षा में इंग्लिश, इकोनॉमिक्स, मैथमेटिक्स, बिजनेस स्टडीज, एकांउटेंसी में 95-95 अंकों के साथ ए-1 ग्रेड और कुल 95 फीसदी पास प्रतिशत पाया।
नितिका अपनी इस अनोखी कामयाबी का श्रेय अपने पिता रमेश सिंघल और किस्मत को देती हैं। वे अपना हर काम योजनाबद्ध ढंग से समय पर करते हैं। उन्हीं को रोल मॉडल मानते हुए नितिका ने परीक्षा की तैयारी की।
रमेश सिंघल तीस हजारी कोर्ट में एडिशनल जज हैं। भविष्य की योजना बताते हुए नितिका कहती हैं कि 12वीं तक कॉमर्स स्ट्रीम में पढ़ाई की है, लेकिन आगे वह पिता की तरह बीए एलएलबी कर जज बनना चाहती हैं।