कभी कभी जिंदगी फिल्म की कहानी की तरह हो जाती है। जिससे नफरत करो,उसी से प्यार हो जाता है। ऐसा ही कुछ अलीगढ़ में हुआ जहां प्रेमी के हाथों बिकी युवती को अपने खरीदार के साथ ही प्यार हो गया। खरीदार से प्यार होने पर युवती ने घर बसा लिया और बच्चे भी हुए लेकिन तब पुरानी परतों से निकल कर पुलिस वहां पहुंची और युवती को वापस ले जाने लगी। अब युवती घर लौटना नहीं चाहती।
जिस प्रेमी की खातिर उसने अपना सब कुछ छोड़ दिया। दो साल पहले परिवार ने प्रेमी से बचाने के लिए उसे बुआ के घर भेज दिया। इश्क का भूत इस कदर हावी था कि वह बुआ के घर से भी प्रेमी संग चली गई। मगर प्रेमी ने उसके संग छलावा किया और वह उसे राजस्थान में एक अधेड़ को बेच आया।
मजबूर युवती ने अधेड़ संग जीवन बिताने का मन बना लिया और उसे अपना पति मान लिया। उससे एक बेटी भी हो गई और फिर गर्भवती है। युवती नए घर परिवार के बीच खुश थी कि इन खुशियों पर भी ग्रहण लग गया और पुलिस उसे खोजती हुई यहां आ पहुंची। पुलिस युवती को उसके माता पिता के हवाले करना चाहती है और युवती खरीदार संग रहने की जिद कर रही है, क्योंकि उसे अपना पति बना चुकी है।
यह कहानी है इगलास के गांव मानपुर की 20 वर्षीय युवती की। बात करीब तीन बरस पुरानी है कि खेतों में आलू खुदाई करते समय ट्रैक्टर चालक से उसके संबंध हो गए थे। परिवार को यह पता चला तो युवती को उसकी बुआ के घर जवां के गांव अमरौली में भेज दिया। मगर वह प्रेमी संग दो साल पहले अमरौली से भी चली गई। इस संबंध में जवां थाने में ट्रैक्टर चालक अजय गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। तभी से पुलिस युवती की खोज में जुटी थी। कुछ दिन पहले किसी तरह पुलिस को युवती की लोकेशन राजस्थान के जयपुर देहात जनपद के बीदकी गांव में मिली तो पुलिस सोमवार को उसे वहां से बरामद कर लाई।
हालांकि एसओ जवां ओपी राना कहते हैं कि युवती को अदालत में पेश किया जाएगा। अदालत में बयान दर्ज होने के बाद उसका जो भी निर्णय होगा, युवती को वहां भेजा जाएगा। अब अजय के खिलाफ भी युवती के बयानों के आधार पर कार्रवाई होगी। हां, परिवार युवती को अपने पास रखने की बात कह रहा है। मगर युवती अब परिवार संग जाने को राजी नहीं है।