किशोरों में बाल कटवाते समय स्टाइल का बड़ा ही क्रेज होता है। लेकिन पांच साल के एक बच्चे को हेयर कट इतना महंगा पड़ा गया कि उसे स्कूल से निकाल दिया गया।
ये मामला अमेरिकी प्रांत ओहियो का है जहां पांच साल के एथन क्लोस को अजीबोगरीब हेयरकट रखने पर स्कूल से वापस घर भेज दिया गया। एथन यहां एलिमेंटरी स्कूल से निकाल दिया गया।
दरअसल स्कूल का कहना है कि एथन का हेयर कट मोहॉक से मिलता है। मोहॉक का स्टाइल बागी और बिंदास स्टाइल की पहचान बनाता है और इसीलिए दूसरे बच्चों पर इसका नकारात्मक असर होता है।
इस हेयर स्टाइल में कान की तरफ की बालों की कलमें काफी ऊपर तक काट दी जाती हैं। यानी सिर पर बालों की एक लेयर रह जाती है।
पिछले कुछ सालों में कई लोकप्रिय फुटबालरों ने इस तरह का हेयर कट अपनाया था।
हालांकि बेचारे एथन को पता भी नहीं कि घरवालों ने उसके बाल किस स्टाइल के कटवाए हैं वो मासूम तो बस खेलने कूदने के लिए ही स्कूल जाया करता था जो अब उसके लिए बंद हो गया है।
दूसरी तरफ एथन की दादी जोएस वेल का कहना है कि स्कूल ने मोहॉक जैसे कई हेयरस्टाइल को मंजूरी दी है और यह स्टाइल पूरी तरह मोहॉक भी नहीं है।
हालांकि स्कूल का कहना है कि यदि एथन के परिजन उसका सिर मुंडा दें तो उसे स्कूल में वापस लिया जा सकता है।