मदिरा पीने वालों का तर्क है कि पीने के बाद आदमी में अतिरिक्त हिम्मत और ताकत आ जाती है। इसकी बानगी चीन में देखने को मिली जब बेतरह पीने के बाद एक पियक्कड़ हाई वोल्टेज बिजली के तारों पर जा चढ़ा। दरअसल युवक शराब के नशे में आसमान पर जाने की जिद कर रहा था और इसी प्रयास में बिजली के तारों से जा लटका।
हुआ यूं कि उत्तरी चीन के शांजी प्रांत में एक पियक्कड़ अपने गम गलत करने के लिए बिजली के हाई वोल्टेज तारों पर जा चढ़ा। नजारा देख कर आते जाते लोग भय से चिल्लाने लगे।
पियक्कड़ को होश ही नहीं रहा और वो एक पोल पर चढ़कर ऊपर से जा रही हाईटेंशन तारों से जा लटका। पियक्कड़ बंदर की तरह बिजली की तारों से चिपक कर घिसटने का प्रयास कर रहा था।
बिजली विभाग ने तुंरत प्रभाव से तारों से विद्युत सप्लाई काट दी और दमकलकर्मियों को पियक्कड़ को बचाने भेजा। जमीन पर भारी मात्रा में कुशन लगा दिए गए ताकि गिरने पर युवक को चोट न लगे।
दमकलकर्मी ने बिजली के पोल के जरिए युवक तक पहुंचने का प्रयास करते लेकिन उन्हें धक्का मार देता था।
कुछ ही देर बाद तारों पर युवक की पकड़ ढीली होने लगी और वो नीचे की ओर गिरने लगा। वो तारों की पहली लेयर से गिरकर दूसरी लेयर में जा अटका और फिर नीचे बिछे कुशन पर गिरा।
तुरंत ही दमकलकर्मियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक के खून में शराब की अत्यधिक मात्रा के कारण ऐसी हरकत हुई।
युवक की इन हरकतों को स्टेट टीवी ने लाइव टेलीकास्ट किया और लाखों लोगों ने इस कारनामे को घर बैठे देखा।