कुत्ते और इंसान की दोस्ती के कई किस्से मशहूर हैं लेकिन ये किस्सा सुनकर आपकी आंखें नम हो जाएंगी।
ये कहानी एक ऐसे कुत्ते की है जो पिछले 15 दिनों से हर रोज अपने मालिक की तलाश में बस स्टॉप पर खड़ा रहता है और वहां आने वाली बसों में जाकर उसे तलाशता है।
डेलीमेल की खबर के अनुसार, हुआंग हुआंग नाम का ये कुत्ता पिछले दो हफ्ते से हर रोज यही कर रहा है। वो स्टॉप पर आने वाली बसों में चढ़ जाता है और हर सीट पर जाकर उसे इस उम्मीद से सूंघता है कि कहीं तो उसे उसके मालिक की गंध मिल जाए।
लेकिन उसका मालिक कभी नहीं आता है। दक्षिणी-पश्चिमी चीन के चेंगदू में ये कुत्ता पिछले दो हफ्ते से हर रोज उसी बस स्टॉप पर अपने मालिक का इंतजार करता है।
दिलचस्प बात ये है कि हुआंग, लाइन में खड़े होकर इंतजार करता है और जब सारे यात्री चढ़ जाते हैं तब वो बस में चढ़ता है और हर सीट पर जा-जाकर अपने मालिक की तलाश करता है।
स्टॉप से गुजरने वाले ड्राइवर ने बताया कि हुआंग हर रोज करीब 10 घंटे का समय अपने मालिक को खोजने में बिताता है। हुआंग अब स्थानीय लोगों के बीच हीरो बन चुका है।
इतना ही नहीं कई लोग तो हुआंग को अपने साथ भी ले जाना चाहते हैं। पर कई ऐसे भी हैं जो चाहते हैं कि हुआंग को उसका मालिक मिल जाए।