क्या ऐसा हो सकता है कि कोई कंपनी किसी चोर को अपने यहां नौकरी पर रखे? वह भी ये जानते हुए कि यही वो शख्स है जिसने उसी कंपनी में एक बार डाका डाला था।
यूके के वॉरसेस्टर में एक शख्स को उसी कंपनी की ओर से नौकरी का प्रस्ताव मिला है, जहां चोरी करने के आरोप में वो फिलहाल जेल में सजा काट रहा है।
दिलचस्प यह है कि कंपनी उस शख्स के इंतजार में पलकें बिछाए बैठी है वह कब जेल से रिहा होकर नौकरी जॉइन करेगा।
ग्रास रूट्स लाइव कंपनी ने अपने यहां से कंप्यूटर का सामान चोरी करने वाले इस शख्स को अब माफ कर दिया है। इतना ही नहीं उसे दूसरा मौका देने के लिए उसे अपने यहां नौकरी का ऑफर दिया है।
यह कंपनी लोगों को समारोह आयोजित करने में मदद करती है। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर चार्ल्स मॉयल ने बताया कि उनकी कंपनी इस लुटेरे को दूसरा मौका देना चाहती है।
क्रेजीन्यूज 24 के मुताबिक, वैसे तो स्टीव नाम के इस चोर को सजा किसी और जुर्म के लिए हुई है, लेकिन सुनवाई के दौरान उसने इस कंपनी में चोरी का गुनाह भी कुबूल लिया।
बाद में जब कंपनी के मालिक, स्टीव से मिलने जेल पहुंचे तो उसने कहा कि कंपनी ने उस पर जो भरोसा जताया है, वह उसका आभारी है।