दिल्ली से आगरा या मुंबई जाना हो तो आप बस या ट्रेन पकड़ते हैं। विदेश जाने के लिए आपको प्लेन पर ही सवार होना पड़ता है। लेकिन अगर ब्रिटेन की सरकार की योजना सफल हो गई तो विदेश जाने के लिए भी आप बस ही पकड़ेंगे। यकीन नहीं हो रहा होगा, लेकिन यह सच है। वो दिन दूर नहीं जब कश्मीर से सीधे ब्रिटेन के बर्मिंघम प्रांत तक सीधी बस मिला करेगी। ये बस 12 दिन में आपको कश्मीर से बर्मिंघम तक पहुंचा देगी। बस का टिकट होगा 130 पाउंड प्रति सवारी।
4000 मील की दूरी 12 दिन में
ब्रिटिश सरकार के इस फैसले पर बहुत लोगों को हैरानी हो रही होगी लेकिन सरकार इस मैटर पर गंभीर है और उसने जम्मू-कश्मीर के मीरपुर से बर्मिंघम तक के बस रूट की लंबाई भी आंक ली है। मीरपुर से बर्मिंघम के बीच की दूरी करीब 4000 मील है। भारत से बर्मिंघम तक जाने में कुल 12 दिन लगेंगे और यकीनन यह दुनिया का सबसे लंबा बस रूट होगा।
बर्मिंघम
ब्रिटिश सरकार रूट बनाने के लिए बर्मिंघम प्रांत ही क्यों चुना, लंदन क्यों नहीं। इस पर विचार किया जा चुका है। इसका कारण ये है कि बर्मिंघम में अप्रवासी कश्मीरियों की आबादी विश्व में सबसे ज्यादा यहीं है। डायरेक्ट बस सेवा अगर चालू होती है कश्मीरियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। इस रूट पर एक व्यक्ति के टिकट की कीमत 130 पाउंड होगी।
बस स्टॉप बन सकते हैं दिक्कत
लंदन के अखबार 'डेली मिरर' के मुताबिक 12 दिन की इस यात्रा के दौरान बस यात्रियों के खाने पीने की पूरी योजना बनाई जाएगी। इस राह में सबसे बड़ी चुनौती सुरक्षा मसले पर हो सकती है। दरअसल इस लंबे रूट पर पहला बस स्टॉप होगा पाकिस्तान का क्वेटा शहर। क्वेटा शहर के नजदीक ही अफगानिस्तान का बार्डर है और यहां तालिबानी हमले का खतरा बना रहेगा। उसके बाद ईरान समेत कई देशों से होते हुए यह बस ब्रिटेन पहुंचेगी। अगर योजना सफल होती है तो ये बस यात्रा दुनिया की सबसे रोमांचक बस यात्रा हो सकती है।