ताला तोड़कर चोरी करने का जमाना गया शायद। अब तो चोर भी चोरी करने से पहले जी भर कर मेहनत करने लगे हैं। इसकी बानगी जर्मनी में देखने को मिली जहां एक बैंक में डाका डालने के लिए डकैतों के 10-20 नहीं बल्कि 100 फुट लंबी सुरंग खोद डाली। चोरों ने 100 फुट की सुंरग बनाने के साथ साथ उसे डिजाइन भी इस तरह से किया कि देखने वाले वाह वाह कर उठें।
बर्लिन बैंक में हुई चोरी की वारदात के बाद ही यह सुरंग सामने आई। पुलिस ने बताया कि इसी सुरंग की बदौलत चोर लूटा गया माल लेकर भागने में कामयाब रहे। यह सुरंग एक अंडरग्राउंड गैराज और बर्लिन बैंक के सेफ डिपॉजिट रूम के बीच बनाई गई थी।
बर्लिन पुलिस के प्रवक्ता थॉमस न्यूइंडोर्फ ने जानकारी देते हुए बताया कि सुरंग बड़े ही पेशेवर तरीके से बनाई गई थी और इसे बनाने में निश्चित तौर पर हफ्तों या महीनों का वक्त लगा होगा। इसे बड़ी खूबसूरती से बताया गया था। यहीं नहीं इसकी छतों को गिरने से बचाने के लिए सहारा भी दिया गया था। सुरंग देखकर लगा कि चोरों में से कोई सुरंग बनाने में एक्सपर्ट था तभी सुरंग बनाने में हर तरह की बात का ध्यान दिया गया।
चोरी का पता चला जब बैंक के एक सुरक्षा गार्ड ने जब सेफ डिपॉजिट रूम से धुंवा उठते देखा तो उसने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अभी भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर कौन-कौन सी कीमती चीजों पर डकैतों ने हाथ साफ किया।
सुरंग के जरिए यह पहली डकैती नहीं है। इससे पहले 1995 में बर्लिन बैंक में ऐसी ही डकैती हुई है। फर्क इतना है कि उस वक्त चोर सीधे दरवाजे से घुसे थे और कुछ लोगों को बंधक बना लिया था। यही नहीं डकैतों ने फिरौती और भागने के लिए हेलीकॉप्टर की मांग की थी। उस समय भी चोर सेफ रूम से बनाई गई सुरंग के जरिए भागने में कामयाब हुए थे।