दिल में छेद होने की खबर तो आपने कई बार पढ़ी होगी लेकिन क्या कभी आधे दिल के बारे में सुना या पढ़ा है...! शायद नहीं, लेकिन यह सच है। नॉटिंघमशायर के रेयान ब्लैक का जन्म आधे दिल के साथ हुआ था।
डेली मेल के अनुसार डॉक्टरों को इस बीमारी का तब पता चला जब जन्म के कुछ देर बाद ही नन्हे रेयान को सांस लेने में तकलीफ होने लगी।
रेयान की मां सैलीएन शैर्लटन उन्हें लेकर अस्पताल भागी। जहां डॉक्टरों ने बताया कि गर्भ में रेयान का आधा दिल ही विकसित हो पाया। ऐसे में बच्चे के जिंदा रहने की संभावना काफी कम थी।
महज आठ दिन की उम्र में रेयान की पहली और दस दिन में दूसरी ओपन हार्ट सर्जरी की गई। तीसरी सर्जरी इसी साल फरवरी में हुई।
रेयान अब नौ महीने का है और आम बच्चों की तरह जिंदगी बिता रहा है लेकिन उसके भविष्य को लेकर आशंकाएं अब भी बनी हुई हैं।
सावधानी के तौर पर उसे सेंसर मैट पर सुलाया जाता है। जिससे सांस रुकने पर अलार्म बजने लग जाता है।