बड़ा हट्टा-कट्टा है युवराज, कीमत है एक करोड़। चौंकिए मत, युवराज कोई और नहीं बल्कि मुर्रा नस्ल का भैंसा है, जो मजबूत सेहत का मालिक ही नहीं, अपने मालिक को तगड़ी कमाई भी कराता है। मंगलवार को गांव जंधेड़ा में प्रदर्शनी में आया हरियाणा का यह भैंसा हैरतमंद किसानों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
हरियाणा के गांव सुनारिया का किसान कर्मवीर अपने भैंसे युवराज को डीसीएम में लादकर मंगलवार दुपहर करीब डेढ़ बजे यहां पहुंचा। गांव के डा. अंकित चौधरी तथा जितेंद्र चौधरी के न्योते पर प्रदर्शनी में लाए गए इस भैंसे की सेहत और भारी-भरकम कद-काठी देखकर किसान हैरत में पड़ गए। भैंसे ने एक दिन में छह लीटर दूध, आठ किलो दाना और दो किलो सेब खाया। उससे पैदा हुआ तीन दिन का कटड़ा भी प्रदर्शनी में लाया गया था। यह कटड़ा देखने में एक माह का लग रहा था। कर्मवीर ने बताया कि यह भैंसा एक बार में करीब डेढ़ लाख रुपये का सीमन देता है, जो उन्नत नस्ल के मवेशी पैदा कराने में काम आता है। इससे माहवार औसतन 12 लाख की कमाई होती है। प्रदर्शनी का उद्देश्य उम्दा नस्लों के पशुओं को पालने के प्रति किसानों को जागरूक करना है। महंगाई के इस दौर में पशुपालन को घाटे का सौदा मानने वाले किसानों के लिए यह प्रदर्शनी बेहतर संदेश देगी। प्रदर्शनी में एक हजार से भी ज्यादा लोग भैंसे को देखने पहुंचे।