इन दिनों ब्रिटेन की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री पिछले सात सालों में सबसे तेज़ उत्पादन करते हुए प्रति मिनट तीन कारें तैयार कर रही है।
लेकिन ब्रितानी कार इंटस्ट्री में ऐसे कई कार निर्माता है जिनकी प्रो़डक्शन मिनटों में नहीं, कई दिनों और हफ़्तों में एक कार बनाने की है।
ऐसे पांच कार निर्माताओं की कारों पर नज़र दौड़ाएं जिनकी कारे अपने स्टाइल, डिज़ाइन और स्पीड की लिए जानी जाती हैं।
अल्टिमा इवोल्यूशन
अल्टिमा स्पोर्ट्स ब्रिटेन में 1992 से कार बना रही है। इसकी सबसे ख़ास कार है जीटीआर। गिनीज़ बुक में इसका नाम 0 से 100 मील प्रति घंटे की रफ़्तार तक सबसे कम समय में पहुँचने वाली कार का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है। अल्टिमा की ज़्यादा फर्राटे वाली कार है इवोल्यूशन।
6.8 लीटर की क्षमता वाले वी 8 इंजन की क्षमता 1020 हॉर्स पॉवर की है। इवोल्यूशन शून्य से 60 मील प्रति घंटा की रफ़्तार तक 2.3 सेकेंड में पहुंच सकती है और इसकी अधिकतम रफ़्तार 240 मील प्रति घंटे है। इवोल्यूशन की कीमत 38 हज़ार पाउंड से 96 हज़ार पाउंड के बीच है।
अराश एफ़ 8
उद्यमी अराश फारबाउड ने अराश मोटर कंपनी की स्थापना 1999 में की थी। इसका मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट सफॉल्क के न्यू मार्केट में है। एफ़ 8 कूपे फारबाउड की चौथी और अत्याधुनिक कार है।
हाइब्रिड स्ट्रक्चर वाली यह कार दो सीटों की है। सात लीटर शेवर्ले और वी 8 इंजन की क्षमता 563 हॉर्स पॉवर की है। इसका टॉर्क यानी घूमने की क्षमता 476 पाउंड प्रति फ़ीट है।
यह कार शून्य से 60 मील प्रति घंटे की रफ़्तार तक 3.5 सेकेंड में पहुंच जाती है। इसकी अधिकतम रफ़्तार 200 मील प्रति घंटे तक हो सकती है। इसकी कीमत करीब 1।65 लाख पाउंड है।
एलीमेंटल आरपी 1
ब्रिटेन में सर्रे स्थित एलीमेंटल कार्ज़ की कार है आरपी 1। कार्बन बॉडी वाली यह दो सीटों वाली है। आप इसे रोड पर ट्रैक कार मान सकते हैं या फिर ट्रैक पर रोड कार।
टॉप मॉडल वाली कार में 2 लीटर (इन लाइन 4 लीटर) का फोर्ड इंजन लगा है कि जिसकी क्षमता 320 हॉर्स पॉवर है। कार का वज़न करीब 580 किलोग्राम है।
यह महज 3.1 सेकेंड में शून्य से 60 मील प्रति घंटे की स्पीड को हासिल कर लेती है। कार की अधिकतम गति 165 मील प्रति घंटे है। इस कार की कीमत 75 हज़ार से करीब 90 हज़ार पाउंड तक है।
स्पीडबैक जीटी
स्पीडबैक जीटी के मॉडल को सबसे पहले ब्रिटिश कारोबारी और कारों को लेकर उत्साही डेविड ब्राउन (एस्टन मार्टिन के पूर्व मालिक नहीं) ने रिलीज़ किया था। यह काफी हद तक 1964 के दौर की एस्टन डीबी5 जैसी नज़र आती है लेकिन यह जगुआर एक्सकेआर पर आधारित है।
पहले इसका उत्पादन 100 कारों तक रखा गया था। स्पीडबैक के 5 लीटर वी8 इंजन की क्षमता 510 हॉर्स पॉवर की है। कार शून्य से 60 मील प्रति घंटे की रफ़्तार तक 4.6 सेकेंड में पहुंच जाती है।
इसकी कीमत करीब 5 लाख पाउंड है। इतनी महंगी कार होने के बावजूद यह एस्टन डीबी के मुक़ाबले में सस्ती ही है।
लॉयन हार्ट के
लॉयन हार्ट का डिज़ाइन 2011 में तैयार किया गया था। यह जगुआर ई-टाइप पर आधारित कार नज़र आती है।
यह कार जगुआर के आधुनिक एक्सकेआर से भी प्रभावित है। पांच लीटर वाले वी 8 इंजन की क्षमता 567 हॉर्स पॉवर की है। यह कूपे और कर्न्वटिबल दोनों रूपों में उपलब्ध है।
कार महज़ 3.7 सेकेंड में शून्य से 60 मील प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस कार की अधिकतम गति 186 मील प्रति घंटा है। इस कार की कीमत 3.6 लाख पाउंड से 3.75 लाख पाउंड के बीच है।