ऑटोमोबाइल कंपनियां कोरोना वायरस के चलते बुरे दौर से गुजर रही हैं। पिछले साल के मुकाबले दोपहिया और तीन पहिया वाहनों की बिक्री में काफी उतार चढ़ाव आया है। बता दें कि दो पहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प की मार्च 2019 और मार्च 2020 की बिक्री में बड़ा अंतर आया है। कंपनी ने पिछले साल मार्च में 581,279 यूनिट्स की बिक्री की थी, जबकि इस साल मार्च में कंपनी कुल 334,647 व्हीकल्स ही बेच सकी है। यानी कोरोनावायरस के कराण देश में चल रहे लॉकडाउन का असर इन कंपनियों पर साफ देखा जा सकता है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि कोरोना वायरस के कारण मार्च 2020 में ऑटो उद्योग और पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था को एक बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोरोना वायरस के चलते पूरे देश में फिलहाल लॉकडाउन है। 22 मार्च को शुरू हुआ यह लॉकडाउन अभी 14 अप्रैल तक जारी रहेगा। कंपनी ने कहा कि लॉकडाउन के चलते वाहनों की सप्लाई में भी रुकावट पैदा हुई है। 22 मार्च से कंपनियों ने भारत में पूरी तरह से अपना उत्पादन बंद किया हुआ है।
दूसरी तरफ दो-पहिया और तिपहिया वाहन निर्माता टीवीएस मोटर कंपनी की मार्च में कोरोनावायरस लॉकडाउन प्रभाव के कारण बिक्री में 144,739 की गिरावट दर्ज की गई है। टीवीएस मोटर ने एक बयान में कहा कि उसने मार्च 2019 में 325,323 यूनिट्स की बिक्री की थी।
वहीं सुजुकी मोटरकसाकिल इंडिया ने कहा कि कंपनी ने 22 मार्च तक 40,636 यूनिट्स की बिक्री की थी। इसके बाद कोरोनावायरस के कारण कंपनी के उत्पादन में कमी आई है। जबकि कंपनी ने मार्च 2019 में 67,025 यूनिट्स की बिक्री की थी।
दूसरी ओर होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर इंडिया ने पूरे मार्च 2020 में 261,699 वाहनों की बिक्री की है। जबकि पिछले साल मार्च 2019 में यह आंकड़ा 249,136 वाहनों का था।