ग्रेटर नोएडा में सात दिन चले 12वें ऑटो एक्सपो में महंगी बाइक और कॉन्सेप्ट कारों की सबसे ज्यादा दीवानगी देखने को मिली। खास बात यह रही कि पॉपुलर ब्रांड हार्ले डेविडसन ने पहली बार भारत में बनी बाइक भी उतारी। इसके अलावा रेनॉल्ट ने यूरोपियन मार्केट के बाहर पहली बार अपनी क्विड कॉन्सेप्ट कार पेश की।
विज्ञापन
25 इंडियन लॉन्च और 15 कारें ग्लोबल लॉन्च
बीएमडब्लू और जगुआर ने चार-चार कारें लॉन्च कीं, जिन्हें देखने सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ी। होंडा और मारुति की कारों को भी शानदार रेस्पॉन्स मिला। बाइक में याहामा, सुजुकी और ट्रंम्फ भी युवाओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
ऑटो एक्सपो में टू-व्हीलर्स में नौ इंडियन और तीन ग्लोबल लॉन्च हुए। कार और यूवी सेग्मेंट में 25 इंडियन लॉन्च और 15 कारें ग्लोबल लॉन्च की गई हैं। कमर्शियल व्हीकल में भी अपने-अपने सेग्मेंट बड़े खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक और डिजाइन का प्रदर्शन करते हुए 9 इंडियन और 8 प्रोडक्ट ग्लोबल लेवल पर लॉन्च किए।
अशक्तों के लिए विशेष व्यवस्था
ऑटो एक्सपो में आयोजकों के साथ कंपनियों ने अशक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की। ऑटो एक्सपो में व्हील चेयर का इंतजाम किया गया, जबकि सभी पवेलियन में रैंप बनाए गए।
मेन हॉल में लिफ्ट की व्यवस्था अलग से की गई, जिससे उनको ऑटो एक्सपो देखने में असुविधा न हो। वहीं, विशेष कर्मचारियों की तैनाती की गई थी, जो व्हील चेयर के जरिये एक्सपो दिखाने में मदद करते रहे।
डांस का जलवा
हुंडई से लेकर इसुजू और होंडा से लेकर मारुति कंपनियों ने अपने पवेलियन में कई तरह के डांस ग्रुप ने प्रस्तुति दी। दर्शकों के मनोरंजन के लिए इनका खास आयोजन किया गया था। इसमें सांभा डांस, स्टेप डांस और भारतीय लोकनृत्य की प्रस्तुति हुई।
बेहतरीन रहीं व्यवस्थाएं
ऑटो एक्सपो में करीब 15 हजार गाड़ियों को पार्क करने की व्यवस्था की गई थी। पहली बार ग्रेटर नोएडा में 12वां ऑटो एक्सपो में एक्सपो मार्ट में 2.35 लाख स्वायर मीटर की जगह में हुआ।
व्यवस्थाओं के नजरिये से आयोजन बेहतरीन साबित हुआ। 1986 से ऑटो एक्सपो को दिल्ली के प्र्रगति मैदान में कराया जा रहा था। 2012 में 11वां ऑटो एक्सपो प्रगति मैदान में 1.15 लाख स्क्वायर मीटर में हुआ था।
अब हस्तशिल्प मेला से सजेगा एक्सपो मार्ट
देश में हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए भारतीय हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद द्वारा 17 फरवरी से इंडिया एक्सपो मार्ट में हस्तशिल्प व उपहार मेले का आयोजन किया जाएगा।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री डॉ. केएस राव 17 फरवरी को इस मेले का उद्घाटन करेंगे। कपड़ा राज्य मंत्री पानबाका लक्ष्मी इस समारोह की अध्यक्षता करेंगी। हस्तशिल्प विकास आयुक्त एसएस गुप्ता भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
कोलंबियाई राष्ट्रपति जुआन मैनुअल सैंटोस की पत्नी मारिया क्लेमेंसिया रोड्रिग्ज डी सैंटोस भी मेले में आएंगी। देश के विभिन्न राज्यों के शिल्पकार हस्तशिल्प मेले में हिस्सा लेंगे। ईपीसीएच के कार्यकारी निदेशक राकेश कुमार ने बताया कि इस मेले में प्रदर्शित हस्तनिर्मित कलाकृतियों की विशिष्टता हमेशा की तरह बरकरार रहेगी।