रिनॉल्ट की बहुप्रतीक्षित एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) 'डस्टर' के जुलाई माह के पहले सप्ताह में लांच होने की उम्मीद की जा रही है। पहले इस कार को कंपनी की फेस्टिवल सीजन यानी अक्तूबर में लांच करने की योजना थी।
रिनॉल्ट ने 'डस्टर' को साल के अंत तक पांच मॉडलों में बाजार में उतारने की घोषणा की थी। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में स्पोटर्स सेगमेंट की कारों की धूम के बीच रिनॉल्ट को उम्मीद है कि उसकी अफोर्डेबल डस्टर एसयूवी कार को बाजार में जबरदस्त रिसपांस मिलेगा।
रिनॉल्ट डस्टर से इस वर्ष जनवरी माह में ऑटो एक्सपो में पर्दा उठाया गया था। कंपनी फाइव सीटर 'डस्टर' को पेट्रोल और डीजल दोनों वर्जन में बाजार में पेश करेगी। 'डस्टर' का पेट्रोल वर्जन 1.6 लीटर (104 बीएचपी) और डीजल वर्जन 1.5 लीटर (105 बीएचपी) में उपलब्ध होगा।
दोनों वर्जन के 2 डब्ल्यूडी और 4 डब्ल्यूडी दोनों ऑपशन उपलब्ध होंगे। रिनॉल्ट डस्टर एसयूवी की कीमतों की बात करे तो इसकी कीमत भारतीय बाजार में मौजूद अन्य एसयूवी कारों के ही आसपास होगी। इसके दाम 8 से 10 लाख रुपये के बीच होने की उम्मीद की जा रही है।
कंपनी का दावा है कि रिनॉल्ट डस्टर एसयूवी कार भारतीय सड़कों पर 17 से 19 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देगी। कंपनी का मानना है कि उसकी 'डस्टर' कार निसान की 'सन्नी' और रिनॉल्ट की 'फ्लूएंस' के यूजर्स के बीच अपनी पकड़ बनाएगी।