चार जनवरी की अलसुबह सूरज ब्यूनस आयर्स के क्षितिज पर अलसाया सा उगा था। लेकिन अर्जेंटीना में उस रोज़ 665 दिलेर ड्राइवर 37वीं डकार रैली के लिए सड़क पर उतरे थे।
दक्षिण अमरीका में इन ड्राइवरों ने ख़ुद को 5661 मील के जोखिम भरे और थका देने वाले सफ़र के लिए तैयार किया है। ये लोग अर्जेंटीना, बोलिविया और चिली के कुदरती तौर पर मुश्किल भरे इलाक़ों से गुज़रेंगे।
अगर आप डकार रैली के बारे में ज्यादा नहीं जानते तो इसके इतिहास में झांककर देखने की ज़रूरत है।
इसकी शुरुआत 1977 में हुई थी जब थियरी सैबाइन नाम के एक फ्रांसीसी लीबिया के रेगिस्तान में हुई आबिदजान नाइस रैली में अपनी मोटरसाइकिल से भटक गए थे।
उन्होंने बचाव टीम का इंतज़ार किया और अफ्रीका में 5500 मील की रेस के लिए लौटने का सपना देखा। वे इस रेस के ज़रिए मानवता को क़रीब से देखना चाहते थे।
अगले साल उनके मक़सद में उनके कुछ दोस्त साथ हो लिए और तब से यह सालाना जलसे की तरह बन गया। बाद के सालों में इस रेस का पैमाना बड़ा हो गया, लोगों की ख्वाहिशें परवान चढ़ीं और दुनिया भर में यह रेस मक़बूल हो गई।
साल 2015 में डकार कार रैली
साल 2015 में एक हैरतअंगेज़ बात यह भी हो रही है कि डकार रैली डकार नाम की जगह के आस पास बिलकुल नहीं हो रही है। इसको लेकर थोड़ी दुविधा की स्थिति भी है।
डकार के आसपास के मुश्किल रास्तों पर रैली करने में आ रही मुश्किलों के मद्देनज़र रेस के आयोजकों ने तय किया कि वे इसे जारी रखने के लिए दक्षिण अमरीका आ जाएंगे।
इस फैसले को अब छह बरस हो गए हैं।
इस साल दो हफ्ते तक चलने वाली यह हैरतअंगेज़ कारनामों भरी ये रेस ब्यूनस आयर्स में आयोजित हो रही है। 14 दिन तक चलने वाली डकार कार रैली के प्रतिभागी 13 अलग-अलग चरणों से गुज़रेंगे।
उनका सफ़र चिली के पश्चिम, एंडीज़ इलाके और बोलीविया के उत्तरी क्षेत्र से होगा।
दुनिया का सबसे सूखा रेगिस्तान
डकार कार रैली अटाकामा के रेगिस्तान से शुरू हुई है।
यह वो जगह है जिसे दुनिया का सबसे सूखा रेगिस्तान माना जाता है और ये धरती की वो जगह भी है जो मंगल के सबसे ज्यादा क़रीब है।
यह वो इलाका है जहां ड्राइवरों के सामने चुनौतियों का पहाड़ खड़ा होगा।
उन्हें सैटेलाइट से संचालित होने वाले नैवीगेटर इस्तेमाल करने की भी इजाज़त नहीं है। रास्ता समझने के लिए पुरानी तर्ज पर नक्शे वाली किताब होगी।
डकार कार रैली में इस बरस 665 प्रतिभागी हैं, जिनकी उम्र 18 से 73 साल के बीच है और इसके कारवां में 138 कारें, 164 मोटरसाइकिलें, 48 क्वैड्स और 64 ट्रक होंगे।
डकार की रैली कितनी बड़ी होती है, अब आप अंदाज़ा लगा सकते हैं।