अगर सितारे आपका साथ नहीं दे रहे हैं तो हर दिन तिलक लगाना शुरु कर दीजिए। लेकिन यह ध्यान रखें कि आपकी राशि क्या और इस राशि के लिए कौन सा तिलक शुभ फलदायी होगा।
इस बात का ध्यान रखते हुए अगर तिलक लगाएंगे तो स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों में कमी आएगी और उन्नति की ओर बढ़ते रहेंगे।
मेष और वृश्चिक राशि के लिए शुभ तिलक
मेष और वृश्चिक इन दोनों राशियों के स्वामी मंगल हैं। इन व्यक्तियों की कुण्डली में मंगल के बलवान होने पर स्वास्थ्य लाभ के साथ जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में शुभ स्थितियां बनी रहती हैं।
इसलिए मंगल को शुभ बनाने के लिए मेष राशि वालों को कुमकुम का तिलक करना चाहिए। वृश्चिक राशि वाले व्यक्ति लाल सिंदूर से तिलक करें।
वृष और तुला राशि के लिए शुभ तिलक
इन दोनों राशियों का स्वामी शुक्र है। इन दोनों राशियों के व्यक्तियों को शुक्र को मजबूत बनाने का प्रयास करना चाहिए। इसके लिए नियमित दही का तिलक लगाना चाहिए। शुभ कार्यों से कहीं जा रहे हों तो दही खाकर या दही देखकर घर से निकलें।
मिथुन और कन्या राशि राशि के लिए शुभ
बुध को मिथुन और कन्या राशि का स्वामी माना गया है। बुध बुद्घि का कारक ग्रह भी है। इस ग्रह को अनुकूल बनाकर शुभ फल पाने के लिए इन दोनों राशियों के व्यक्तियों को अष्टगंध का तिलक लगाना चाहिए।
कर्क राशि के लिए शुभ तिलक
इस राशि का स्वामी चंद्रमा है। चंद्र का प्रभाव सफेद वस्तुओं एव सफेद चंदन पर होता है। जिन व्यक्तियों की राशि कर्क है उन्हें नियमित सफेद चंदन का तिलक करना चाहिए। इससे मन स्थिर होगा और कार्य में सफलता मिलेगी।
सिंह राशि के लिए शुभ तिलक
सिंह राशि का स्वामी ग्रहों का राजा सूर्य है। सूर्य अग्नि प्रधान ग्रह है। अपने राशि स्वामी को शुभ और बलवान बनाने के लिए सिंह राशि वालों को लाल चंदन का तिलक करना चाहिए।
धनु और मीन राशि वाले लगाएं यह तिलक
इन दोनों राशि का स्वामी गुरू है। गुरू का प्रिय रंग पीला है। गुरू की प्रसन्नता के लिए धनु राशि वालों को हल्दी का तिलक लगाना चाहिए। जबकि मीन राशि वालों को गुरू की अनुकूलता का लाभ पाने के लिए केसर का तिलक लगाना चाहिए।
मकर और कुंभ राशि के लिए शुभ तिलक
शनि महाराज इन दोनों राशियों के स्वामी हैं। शनि का रंग काला माना जाता है। जिन लोगों की जन्म राशि मकर या कुंभ राशि में हुआ है उन्हें शनि को अनुकूल बनाए रखने के लिए भष्म का तिलक लगाना चाहिए। इससे शनि का प्रतिकूल प्रभाव दूर होता है।