मकर संक्रान्ति और पौष पूर्णिमा स्नान पर अभेद्य सुरक्षा इंतजाम करने के बाद अब मौनी अमावस्या के लिए सुरक्षा का महाजाल तैयार किया गया है। आतंकी गतिविधियों के मद्देनजर मौनी अमावस्या से पहले ही सभी सुरक्षा एजेंसियों ने युद्ध स्तर पर तैयारी तेज कर दी है।
आईबी, स्टेट इंटीलिजेंस ब्यूरो, एटीएस, एसटीएफ, एलआईयू की टीमें मेला क्षेत्र के अलावा शहर में सुरक्षा का ताना बाना बुन रही हैं। पुलिस, सेना, पीएससी, आरएएफ, आईटीबीटी और कमांडो मेला क्षेत्र चप्पे-चप्पे की निगाहबानी कर रहे हैं।
मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में सबसे अधिक भीड़ का अनुमान है। एक करोड़ से अधिक की भीड़ का अनुमान लगाते हुए सुरक्षा चक्र तैयार किया जा रहा है। मेक्षा क्षेत्र में अस्थायी नियंत्रण रेखा पर पुलिस के साथ सेना का मोर्चा भी है। मेले के अंदर गोपनीय सुरक्षा का चक्रव्यूह भी तैयार है। लॉंग रेंज की आटोमेटिक गनों से लैस यह सुरक्षा कर्मी किसी भी आतंकी घटना से निपटने को तैयार हैं। आतंकी खतरे के मद्देनजर हवाई सुरक्षा और पानी की सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं।
सेटेलाइट से वीडियोग्राफी और आनलाइन फुटेज देख सुरक्षा की जा रही है। वॉच टावर और बंकर में अत्याधुनिक हथियारों से लैस जवानों को लगाया गया है। मेला क्षेत्र को सेक्टर में बांटकर पुलिस अफसरों की तैनाती की गई है। आईजी आलोक शर्मा के मुताबिक, मौनी अमावस्या का स्नान बड़ी चुनौती है। करोड़ों की भीड़ को देखते हुए युद्घ स्तर पर सुरक्षा तैयारियां की जा रही हैं। चूक न हो इसके लिए रातभर गश्त कराई जा रही है।
कैमरों का हाइटेक इंतजाम
आतंकी गतिविधियों के मद्देनजर मेला और शहर केतमाम इलाकों में सीसीटीवी का जाल बिछाया गया है। सेटेलाइट से वीडियोग्राफी के अलावा मेला क्षेत्र में डेढ़ सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों हर चेहरे को कैद कर रहे हैं। प्रवेश और निकास द्वार पर मेटल डिटेक्टर के अलावा वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की टीम तैनात है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और पार्किंग स्थलों से मेले में आने वाले रूट पर भी सीसीटीवी लगाए गए हैं।
बोट पर रातभर गश्त कर रहे कमांडो
मौनी अमावस्या पर पानी के रास्तों पर सुरक्षा केपुख्ता इंतजाम किए गए हैं। स्टीमर और मोटरबोट पर कमांडो दस्ता अत्याधुनिक हथियारों से लैस होकर रात भर गश्त कर रहा है।
सीमाओं पर चेकिंग, गाड़ियों की तलाशी
महाकुंभ के मद्देनजर शहर में भी चेकिंग, छापामारी, तलाशी अभियान तेज हो गया है। एसएसपी मोहित अग्रवाल के निर्देश पर गुरुवार को टीमों ने पीवीआर, मॉल, सिनेमाहाल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग की। बम डिस्पोजल स्क्वायर्ड, एंटी सबोटाज टीम ने एक-एक कोना छाना।
दोपहर से रात तक शहर के तमाम इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। बस अड्डे पहुंचे कुछ यात्रियों केसामान की भी तलाशी ली गई। मौनी अमावस्या को देखते हुए सीमाएं सील कर गाड़ियों की तलाशी ली जा रही है।