जगदाचार्य चंद्रा स्वामी ने भविष्यवाणी की है कि लोकसभा चुनाव इस साल के आखिर में होंगे। राजनीतिक दल इसकी तैयारी में जुट सकते हैं। मंगलवार शाम महाकुंभ मेले में पहुंचे चंद्रा स्वामी अगले दस दिनों तक विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
जगदाचार्य चंद्रा स्वामी दोपहर करीब ढाई बजे विशेष विमान से बमरौली एयरपोर्ट पर उतरे। वहां उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भक्त, संत-महात्मा और राजनेता मौजूद थे। एयरपोर्ट से रवाना होकर चंद्रा स्वामी महाकुंभ मेले में बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में दर्शन-पूजन किया। फिर वह मोरी मार्ग स्थित विश्व धर्मायतन कैंप दिल्ली के शिविर में पहुंचे। वहां कैंप के व्यवस्थापक स्वामी विद्या चैतन्य जी महाराज ने उनका स्वागत किया।
जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी अर्जुन पुरी जी महाराज, स्वामी चिन्मयानंद जी महाराज, स्वामी संजय जी महाराज समेत कई संतों ने उनसे मुलाकात की। पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में चंद्रा स्वामी ने कहा कि अभी तो वह मेले में पहुंचे हैं। बसंत पंचमी के शाही स्नान तक यहां रहकर वह कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जल्द ही पत्रकारों से अलग से मिलकर देश की राजनीतिक स्थिति पर अपने विचार और भविष्यवाणी करेंगे। हालांकि उन्होंने यह भविष्यवाणी कर दी कि लोकसभा चुनाव इस साल के आखिर तक होने हैं। बाकी मसलों पर बाद में बातचीत की जाएगी।