बिहार में अब तक के सबसे बडे़ सृजन घोटाले की एक-एक करके परतें खुल रही हैं। बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी की बहन का नाम अब इस घोटाले से जुड़ गया है। जांच एजेंसियों को सृजन के खाते से भुगतान कर बहुत बड़ी मात्रा में आभूषण खासकर हीरे की खरीददारी के सबूत मिले हैं।
ये हीरे के आभूषण राजनेताओं और अधिकारियों के परिवारवालों को उपहार दिया जाता था। लेकिन जांच में पता चला कि पटना के ज्वैलर्स को हीरे के खरीददारी का भुगतान सृजन ने सीधा न करके रेखा मोदी की कंपनियों के माध्यम से किया जाता था।
पढ़ेंः- बिहार सृजन घोटाला: अब CBI करेगी जांच, घेरे में सुशील मोदी
जालान जेम्स के मालिक रवि जालान ने पूछताछ में इस बात को माना भी है कि उन्हें भुगतान रेखा मोदी ने ही कई बार किया।हालांकि रेखा मोदी फिलहाल गायब है। उनके पटना स्थित घर पर कोई उनका ठिकाना नहीं बता रहा, लेकिन मनोरमा देवी से उनके मधुर संबंध जगजाहिर हैं। निश्चित रूप से इस आधार पर आने वाले दिनों में सुशील मोदी पर राजद का हमला और तेज होगा। वैसे सुशील मोदी ने साफ कहा है कि सृजन घोटाले में जिस रेखा मोदी का नाम लिया जा रहा है उससे उनका या उनके परिवार का कोई लेना-देना नहीं है।
पढ़ें- बिहार के सृजन घोटाले में कांग्रेस ने नीतीश को घेरा, कानूनी लड़ाई के पक्ष में पार्टी
मोदी ने कहा कि हमारे रिश्ते कितने मधुर रहे हैं यह हमारे राजनैतिक विरोधियों से भी आपको पता चल जाएगा। रेखा ने 2010 में अपने सगे भाई महावीर मोदी के खिलाफ डोमेस्टिक वायलेंस का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें सुशील मोदी को भी आरोपी बनाया गया था। मोदी का कहना है कि रेखा मोदी से उनके कैसे संबंध हैं इस बात का अंदाजा इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि 2010 में वे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में निर्दलीय खड़ी थीं।
इस बीच सीबीआई ने सृजन मामले से जुड़े कुछ मुख्य आरोपियों, जिनमें भाजपा नेता विपिन शर्मा, दीपक वर्मा, मनोरमा देवी के बेटे अमित कुमार और उनकी पत्नी प्रिया शामिल है, की खोज तेज कर दी है।