बिहार में मुख्य विपक्षी लालू प्रसाद की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा रविवार को 24 वें स्थापना दिवस मनाए जाने के साथ लालू प्रसाद के बेटों ने पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ पटना में साइकिल रैली निकाली। पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह द्वारा स्थापित जनता दल में विभाजन के परिणामस्वरूप राजद अस्तित्व में आया था। लालू जो उस समय उसके कार्यवाहक अध्यक्ष थे और संगठनात्मक चुनावों में अपने प्रतिद्वंदी शरद यादव के हाथों उन्हें अपनी हार की आशंका थी।
तेजस्वी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार लोगों को जंगलराज की याद दिला रही है, जो 30 साल पुरानी बात हो गई है। मैंने स्वीकार किया है कि अगर राजद के 15 साल के शासनकाल में कोई गलती हुई है तो जनता मुझे माफ करे।
तेजस्वी ने कहा कि देश जिस दौर से गुजर रहा है हमें लगता है कि इस दौर में लालू जी की सबसे ज्यादा जरूरत है। खासतौर से आज संसद में लालू जी को होना चाहिए, सब लोग उनकी कमी को महसूस कर रहे हैं।
मालूम हो कि पांच जुलाई 1997 को दिल्ली में जनता दल से अलग होकर लालू प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय जनता दल नाम से अपनी अलग पार्टी बनाई थी।