बेउर जेल लाए गए मोहम्मद शहाबुद्दीन
- फोटो : Getty
राजद के विवादास्पद नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर तिहाड़ जेल ले जाने के क्रम में शनिवार को पटना स्थित बेउर जेल लाया गया। जेल महानिरीक्षक आनंद किशोर ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन कराए जाने के लिए शहाबुद्दीन को शनिवार सुबह पटना लाया गया। उन्हें पटना स्थित बेउर केंद्रीय कारागार में रखा गया है, जहां से दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल ले जाया जाएगा।
यह पूछे जाने पर कि शहाबुद्दीन को विमान या राजधानी ट्रेन से दिल्ली ले जाया जाएगा, आनंद ने इसका खुलासा करने से इनकार करते हुए कहा कि जिस प्रकार से उन्हें सीवान से पटना लाए जाने के क्रम में गोपनीयता बरती गई उसी प्रकार से आगे भी बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि सीवान से उन्हें पटना लाने के बारे में वहां के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और एसटीएफ के महानिरीक्षक सहित दो-तीन अन्य कर्मियों को छोड़कर किसी अन्य के पास जानकारी नहीं थी।
उल्लेखनीय है कि 15 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने सीवान निवासी चंद्रकेश्वर प्रसाद, जिनके तीन पुत्रों की हत्या कर दी गई थी, पत्रकार राजदेव रंजन की पत्नी के अनुरोध पर शहाबुद्दीन से जुडे़ मामलों की निष्पक्ष सुनवाई के लिए बिहार सरकार को एक सप्ताह के भीतर उन्हें तिहाड़ जेल स्थानांतरित किए जाने का निर्देश दिया था।