कश्मीर घाटी में कर्फ्यू के बीच हुई ताजा हिंसा में एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। बांदीपोरा के अजास इलाके में रविवार को हिंसक भीड़ ने सेना के कैंप पर हमला कर दिया। जवानों की जवाबी फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। सोपोर में प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग में तीन लोग घायल हुए हैं। कुछ जवान भी जख्मी हुए हैं। इस बीच, घाटी में सीआरएपीएफ की 20 और कंपनियां भेजी गईं हैं। हर कंपनी में 100-100 जवान हैं।
अधिकारियों के अनुसार, ये जवान पिछले हफ्ते राज्य पुलिस की सहायता में भेजे गए अन्य 2,800 सीआरपीएफ जवानों में जुड़ेंगे। इनमें से कुछ दलों को सुरक्षा बलों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए रोड ओपनिंग पार्टी के तौर पर लगाया जाएगा। इस बीच, अमरनाथ यात्रियों को छोड़कर हाईवे पर आवागमन ठप है।
श्रीनगर जाने के लिए केवल हवाई सेवा ही उपलब्ध है। इस वजह से एयरपोर्ट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मोबाइल, इंटरनेट तथा रेल सेवा ठप है। कश्मीर में पिछले दिनों के मुकाबले रविवार कुछ शांति से बीता। हालांकि तनाव बरकरार है।
पुलिस के अनुसार, बारामुला के कुंजर, श्रीनगर के ईदगाह और बांदीपोरा के सदरकोटे इलाके में पत्थरबाजी की घटनाएं हुईं। इसमें कुछ पुलिसकर्मी, सीआरपीएफ के जवान और नागरिक घायल हो गए। श्रीनगर के रैनावाड़ी इलाके में प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से एक युवक घायल हो गया।