तीन दिन से लापता पुणे के करोड़पति व्यापारी गौतम पाशंकर का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। बुधवार को लापता होने के बाद उन्होंने शहर के एक एटीएम से 5000 रुपये निकाले थे। पुलिस का अनुमान है कि वह शहर में ही हैं।
परिजनों ने कथित रूप से गौतम का लिखा एक पत्र पुलिस को सौंपा है, जिसमें कुछ निर्णयों की वजह से परिवार को नुकसान होने और इस कारण जीवन समाप्त करने शहर से बाहर जाने की बात कही गई है। गौतम पाशंकर की उम्र 65 साल है। गौतम के परिजनों ने गुरुवार को उनके गुमशुदा होने की शिकायत दर्ज कराई।
पुणे के पुलिस कमिश्नर अमिताभ गुप्ता ने कहा कि गौतम की आखिरी लोकेशन शहर के अंदर की ही है। गौतम ने हाल ही में एटीएम से पांच हजार रुपये निकाले। इसके बाद गौतम ने अपना फोन फॉर्मेट मार दिया है।
हालांकि गौतम के बेटे कपिल पाशंकर अपने पिता के कार्ड से हुए ऐसे किसी एटीएम ट्रांजैक्शन से इनकार कर रहे हैं। कपिल ने बताया कि उसके पिता ने दो फोन कार में छोड़े, जिसे ड्राइवर उन्हें वापस ले आया। कपिल ने बताया कि मुझे किसी एटीएम ट्रांजैक्शन के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
कपिल ने जानकारी दी कि दुर्भाग्यपूर्ण जितने भी सीसीटीवी हमारे पास हैं, वो फुटपाथ कवर नहीं करते हैं। इसलिए वो किस दिशा में गए, इसके बारे में कोई सबूत नहीं है। एक सीसीटीवी कैमरा मदद कर सकता था लेकिन तकनीकी खराबी के चलते वो काम नहीं कर रहा है।
कपिल ने कहा कि जितना भी हमारा बुरा समय था, वो पांच साल पहले था, अब नहीं है। हम पुणे के सबसे बड़े ऑटोमोबाइल डीलर्स हैं, हम इसके लिए जाने जाते हैं। कपिल ने बताया कि हमारे ऊपर 150 करोड़ रुपये कर्ज था वो सब चुकाया जा चुका है, एक भी कर्ज देना बाकी नहीं है। एक व्यक्ति हैं, जिनसे दस लाख रुपये उधार लिए गए थे लेकिन उसकी भी भरपाई कर दी गई है। कपिल ने बताया कि उसने उस शख्स से कर्ज को लौटाने के बारे में पूछा तो शख्स ने जवाब दिया कि वो ट्रांजैक्शन पूरी हो चुकी है। पुलिस ने लापता गौतम पाशंकर की फोटो जारी की है। यह फोटो गौतम की आखिरी लोकेशन से ली गई है।
पुणे के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर एसपी मोरे ने कहा कि हमने लोगों से अपील की है कि अगर गौतम पाशंकर कहीं दिखाई देते हैं, तो तुरंत पुलिस को इसके बारे में सूचना दें। इस बीच पुलिस ने ड्राइवर समेत उन कई लोगों से पूछताछ की है, जो हाल ही में गौतम से संपर्क में आए थे।
परिजनों ने कार में मिला पत्र पुलिस को सौंपा है, उसमें लिखा है कि वह अपना जीवन समाप्त करने के लिए शहर से बाहर जाने की सोच रहे हैं। गौतम ने पत्र में लिखा कि हाल ही में लिए गए फैसलों की वजह से वो खुद को दोषी मानते हैं क्योंकि उन फैसलों से उनके बच्चे और परिवार पर असर पड़ रहा है।
पुलिस ने बताया कि गौतम के बेटे कपिल ने पिता के लापता होने की शिकायत दर्ज करा दी है। गौतम का फोन बंद है। पाशंकर परिवार के पास शहर में ऑटो शोरूम और पेट्रोल पंप हैं।