सूरत के मांडवी तालुका स्थित बांध में नाव पलटने से दो मछुआरों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लापता हैं। नाव पलटने का कारण खराब मौसम और तेज हवा को बताया जा रहा है।
पुलिस उपाधीक्षक रूपल सोलंकी ने बताया कि नाव में दस लोग मछली पकड़ने के लिए निकले थे। अमली बांध में नाव पलट गई। इनमें से दो महिलाओं समेत तीन लोग तैरकर किनारे पर पहुंच गए, जबकि सात अन्य लापता हो गए। घटना की सूचना के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया तो फायर ब्रिगेड कर्मियों ने गहरे पानी से दो लोगों के शव बरामद किए।
दो महिलाओं समेत पांच लोग अब भी लापता हैं। अधिकारी उनकी तलाश में जुटे हैं। सभी निकटवर्ती अमली गांव के रहने वाले आदिवासी हैं और मछली पकड़कर जीविका चलाते हैं। ये एक सहकारी समिति के सदस्य भी हैं। सरकार की ओर से इन्हें बांध में मछली पकड़ने की अनुमति है। ये बांध के बीच स्थित एक छोटे से टापू पर पहुंचते हैं और नाव वहां खड़ी कर जाल से मछली पकड़ते हैं।