झारखंड में 14 फरवरी को चांदनी चौक इलाके से आठ वर्षीय लड़के के अपहरण मामले में पांच लोग गिरफ्तार हो गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने उनके समक्ष कबूल किया है। उन्होंने बताया कि मासूम की हत्या कर शव को तिलैया बांध में फेंक दिया था।
अपहृत लड़के दीपक के पिता दिनेश शाह ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे को उसी इलाके के पांच लोगों ने पैसे ऐंठने के इरादे से अपहरण कर लिया है।
एसपी अरविंद कुमार सिंह के अनुसार मुंबई में पेशे से जेसीबी ड्राइवर शाह, बैंक ऋण के माध्यम से जेसीबी मशीन खरीदने की योजना बना रहे थे। हालांकि, उनके पड़ोसियों ने सोचा कि उसके पास अच्छी खासी रकम होगी और फिरौती वसूलने के लिए लड़के के अपहरण की साजिश रची।
फिरौती का कॉल आते हीं थाने को किया सूचित
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गुरुवार को शाह से पांच लाख रुपये की मांग की और पूरी नहीं होने पर उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। फिरौती की कॉल मिलने पर शाह की पत्नी चमेली देवी को अपने बेटे के अपहरण के बारे में पता चला। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना चलकुशा पुलिस को दी। हालांकि, इससे पहले भी मां चमेली देवी ने अपने बेटे के लापता होने के बाद शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, आरोपी ने अपहरण में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन यह खुलासा किया कि लड़के की हत्या कर दी गई थी और उसके शव को तिलैया बांध में फेंक दिया गया था।
शव की तलाश में जुटी पुलिस
जलाशय में पानी काफी गहरा होने के कारण लड़के का शव अभी तक बरामद नहीं हो सका है। पुलिस ने कहा कि शव का पता लगाने में सहायता के लिए रांची से एनडीआरएफ की एक टीम को बुलाया गया है। वहीं, पुलिस अपहरण की साजिश रचने वाले वास्तविक अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
एसपी ने शोक संतप्त परिवार को आश्वासन दिया कि पुलिस जल्द ही दोषियों को पकड़ लेगी। साथ ही प्रदर्शनकारियों से हटने का अनुरोध किया। सिंह ने कहा कि अपहरणकर्ता पेशेवर अपराधी नहीं थे, बल्कि उन्होंने शाह से पैसे ऐंठने के लालच में अपराध किया था।