बॉलीवुड के ड्रग कनेक्शन की बीते कई दिनों से जांच कर रही मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की टीम अब राज्य की सत्ता के करीबियों की भी जांच में जुट गई है। बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक के दामाद समीर खान के मुंबई स्थित आवास पर छापा मारा गया। खान को एक दिन पूर्व ही दबोच लिया गया था। मुंबई की एक अदालत ने खान को 18 जनवरी तक के लिए एनसीबी की हिरासत में सौंप दिया है।
एनसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि खान को नशीले पदार्थों संबंधी एक मामले में एनसीबी ने बुधवार को गिरफ्तार किया था। अधिकारी ने बताया कि ब्रिटिश नागरिक करण सजनानी और दो अन्य को पिछले सप्ताह 200 किलोग्राम मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसी मामले में कथित भूमिका को लेकर खान को एनसीबी ने गिरफ्तार किया।
अधिकारी ने बताया कि एनसीबी के एक दल ने उपनगरीय बांद्रा में खान के आवास पर छापा मारा, जहां से कुछ भी जब्त नहीं किया गया। अधिकारी ने बताया कि एनसीबी की टीम ने जुहू इलाके में भी छापा मारा।
विशेष सरकारी वकील अतुल सारपंदे ने बताया कि इस बीच, खान को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने मामले की आगे की जांच के लिए उन्हें 18 जनवरी तक के लिए एनसीबी की रिमांड में दे दिया।
शरद पवार ने कहा-जांच में सहयोग करेंगे संबंधित लोग
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने एनसीबी द्वारा खान की गिरफ्तारी का बृहस्पतिवार को जिक्र किया और कहा कि संबद्ध लोगों को एजेंसी के साथ सहयोग करना चाहिए। पवार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उनकी पार्टी के नेता मलिक के खिलाफ कोई व्यक्तिगत आरोप नहीं है। एनसीबी ने खान को कई घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। सूत्रों ने बताया कि ड्रग्स मामले के एक आरोपी और खान के बीच 20,000 रुपये का कथित ऑनलाइन लेन-देन का मामला सामने आने के बाद एजेंसी ने उन्हें (खान को)तलब किया था।
मंत्री मलिक ने कहा-कानून से ऊपर कोई नहीं
राज्य के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री नवाब मलिक ने किसी घटना का जिक्र किए बगैर बृहस्पतिवार को एक ट्वीट में कहा, ‘‘कानून से ऊपर कोई भी नहीं है और यह (कानून) बगैर किसी भेदभाव के लागू किया जाना चाहिए। कानून अपना काम करेगा और न्याय होगा।’’ मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे अपनी न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है और मैं उसका सम्मान करता हूं। ’’
मुच्छड़ पानवाले को मिल चुकी जमानत
गौरतलब है कि एजेंसी ने मंगलवार को मुंबई के प्रसिद्ध मुच्छड़ पानवाला दुकान के एक मालिक रामकुमार तिवारी को गिरफ्तार किया था। तिवारी को बुधवार को यहां की एक अदालत ने जमानत दे दी।