दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने कहा है कि लोग डॉक्टर की सलाह के बिना स्टेरॉइड्स का इस्तेमाल न करें। क्योंकि स्टेरॉइड्स के कारण शरीर में शुगर का स्तर बढ़ रहा है और इम्युनिटी लेवल कम हो रहा है। इससे लोगों को म्यूकर माइकोसिस हो रहा है। उन्होंने कहा कि म्यूकर माइकोसिस की दवाएं बेहद सीमित हैं और ये केंद्र सरकार एक नियंत्रण में हैं। वह एक कोटे के तहत सभी राज्यों को इसे उपलब्ध करवा रही है। लेकिन दिल्ली सरकार लोगों को दवाएं उपलब्ध कराने पर पूरा ध्यान दे रही है। तब तक लोगों को इससे बचने की कोशिश करनी चाहिए और इसके लिए स्टेरॉइड्स को लेने से बचना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली में 20 मई को 3231 कोरोना के मामले आए और संक्रमण दर 5.5 फीसदी रही है। इससे साबित हो रहा है कि कोरोना कमजोर पड़ रहा है। लेकिन अभी सावधान रहने की जरूरत है। कोरोना की तीसरी लहर बच्चों के लिए ज्यादा घातक हो सकती है और इससे बचने के लिए सरकार हर संभव तैयारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस समय दिल्ली में कोरोना मरीजों के लिए पर्याप्त बेड्स उपलब्ध हैं। इस समय कोरोना मरीजों के लिए 16,712 कोविड बेड और 1748 आईसीयू बेड खाली हैं। जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या और अधिक बढ़ाई जायेगी।